फिर एक विवाहिता दहेज प्रताडऩा की हुई शिकार, पति, सास, ससुर व ननद पर जुर्म दर्ज

38 लाख के गहने-8 लाख कैश के बाद भी विवाहिता को घर से खदेड़ा

Gupta Lochan
3 Min Read

रायगढ़। जिले में एक महिला को दहेज के लिए प्रताडि़त करने का मामला सामने आया है। पीडि़ता का कहना है कि शादी में उसके परिवार ने लगभग 38 लाख रुपए के गहने और सामान के साथ-साथ 8 लाख रुपए नकद दहेज के रूप में दिए थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष ने शादी के एक महीने बाद से ही महिला को दहेज की कमी को लेकर तंग करना शुरू कर दिया और मानसिक व शारीरिक प्रताडऩा की।
महिला ने बताया कि कम दहेज लाने के लिए उसे बार-बार ताने दिए जाते थे और अंत में उसे घर से निकाल दिया गया। परेशान होकर पीडि़ता ने रायगढ़ महिला थाने में अपनी शिकायत दर्ज कराई है।
पीडि़ता की शिकायत के अनुसार, रायगढ़ के कोतवाली थाना क्षेत्र की 30 वर्षीय महिला की शादी दिसंबर 2023 में अंबिकापुर के ग्राम पटपरिया चौक निवासी राहुल गोयल से हुई थी। शादी सामाजिक रीति-रिवाजों से हुई थी, जिसमें लडक़ी के परिवार ने करीब 38 लाख रुपए के सामान और 8 लाख रुपए नकद भी दिए थे। पीडि़ता के मुताबिक, शादी के करीब एक महीने तक सब कुछ ठीक था। ससुराल पक्ष के लोग अच्छे से बातचीत करते थे, लेकिन एक महीने बाद उनका रवैया बदल गया। उसके गहने ससुराल वालों ने अपने पास रख लिए और मांगने पर नहीं देते थे। 15 जनवरी 2024 से उसे कम दहेज लाने के ताने दिए जाने लगे। महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति राहुल गोयल, सास नीता गोयल, ससुर राजेश गोयल और ननद स्वेच्छा गोयल उसे ताना मारते थे, मारपीट करते थे और मानसिक रूप से प्रताडि़त करते थे।
पीडि़ता ने बताया कि ससुराल के लोग लगातार दहेज और पैसे की मांग करते। जब वह या उसके परिवार वाले यह मांग पूरी नहीं कर सके, तो ससुराल वालों ने उसे घर छोडऩे की धमकी दी। पीडि़ता ने यह सब अपने माता-पिता को बताया। उसके माता-पिता 4 जनवरी 2025 को ससुराल पक्ष के साथ बात करने गए, लेकिन वहां बात बढक़र बहस में बदल गई। इसके बाद ससुराल वालों ने पीडि़ता को घर से बाहर निकाल दिया।
पीडि़ता ने लिखाई थाना में रिपोर्ट
पीडि़ता ने कई बार ससुराल वालों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने और आज तक लेने भी नहीं पहुंचे। अंत में, मंगलवार को पीडि़ता ने महिला थाना में जाकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीडि़ता के पति और ससुराल के चार अन्य लोगों के खिलाफ दहेज प्रताडऩा से जुड़ी धारा 3(5)-बीएनएस और 85-बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share This Article