पंप हाउस व मोबाइल दुकान से बैटरी की चोरी

तीन गिरफ्तार, चोरी की 4 बैटरी जब्त

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। घरघोड़ा पुलिस ने चोरी की वारदातों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पंप हाउस और मोबाइल दुकान से बैटरी चुराने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गई कुल तीन बैटरियां बरामद की गई हैं, जिनकी कीमत लगभग 28 हजार रुपये है।
कल 22 सितंबर को रिपोर्टकर्ता कैलाश कुमार परस्ते ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि महावीर एनर्जी एंड कोल बेनिफिकेशन लिमिटेड भेंगारी स्थित पंप हाउस में लगे दो नग एक्साइड कंपनी की 12 वोल्ट बैटरियां 14-15 सितंबर की दरमियानी रात चोरी हो गईं। इस पर पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इसी दिन ग्राम पाकादरहा निवासी रिपोर्टकर्ता राजेश खांडे ने भी शिकायत की कि उसके नावापारा टेंडा स्थित मोबाइल दुकान से शटर तोडक़र एक नग एक्साइड और एक नग एमरान कंपनी की 12 वोल्ट बैटरियां चोरी कर ली गईं। इस प्रकरण पर धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस दर्ज किया गया।
एसपी दिव्यांग पटेल के दिशा निर्देशन और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने टीम गठित कर मुखबिरों को सक्रिय किया। मुखबिर सूचना पर पुलिस ने संदेहियों शशिकांत चिकवा, छमेश राठिया और दिनेश राठिया (तीनों निवासी ग्राम नावापारा टेंडा) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में तीनों ने दोनों स्थानों पर मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों के मेमोरेंडम पर तीनों चोरी की गई बैटरियां बरामद कर गवाहों के समक्ष जप्त की गईं।
प्रकरण में आरोपियों द्वारा संगठित रूप से चोरी का अपराध कारित करना पाए जाने पर धारा 112(2), 3(5) बीएनएस जोड़ी गई और तीनों को रिमांड पर भेजा गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक हरीश पटेल और भानु चंद्रा की अहम भूमिका रही।

Share This Article