रायगढ़। छत्तीसगढ़ में नई सरकार के गठन होने के बाद समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की आवक रायगढ़ जिले के सभी उपार्जन केन्द्रों में तेजी से बढ़ गई है। बीते 17 दिसंबर को जहां महज 69 हजार 222.04 में मिट्रिक टन धान की खरीदी हो पाई थी, जो इस साल के अंतिम दिन तक की स्थिति में 18 लाख 3 हजार 839.20 क्विंटल धान की खरीदी कर ली गई है। खास बात यह है कि धान खरीदी के साथ किसानों को धान के समर्थन मूल्य का भुगतान भी द्रुतगति से किया जा रहा है। अब तक की स्थिति में किसानों के बैंक खाते में 3 अरब 19 करोड़ 61 लाख 12 हजार से अधिक की राशि का भुगतान कर दिया गया है। दरअसल रायगढ़ जिले में इस सीजन में 5 लाख मिट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य है। इस स्थिति में धान खरीदी शुरू होने के बाद उपार्जन केन्द्रों में धान की आवक इस महीने के शुरुआती दिनों में बेहद धीमी थी। बताया जाता है कि धान खरीदी शुरू होने के 46 दिन गुजर जाने के बाद भी जिले में 17 दिसंबर की स्थिति में महज 69,222.04 मिट्रिक टन धान की खरीदी की जा सकी थी। हालांकि विभागीय अधिकारी धान की कटाई विलंब से होने को इसकी वजह बता रहे थे। लेकिन वास्तविक स्थिति धान खरीदी के लिए नई दर की घोषणा रही। राजनीति के जानकारों की माने तो किसान नई सरकार बनने के बाद घोषणा पत्र के अनुरूप इस सीजन में नई दर लागू होने की प्रतीक्षा कर रहे थे। 25 दिसंबर को किसानों को 2 साल का बकाया बोनस जारी होने और नई दर से खरीदी करने की स्थिति स्पष्ट होने के बाद उपार्जन केन्द्रों में धान की आवक बढऩे लगी। इसी क्रम में इस महीने की 31 दिसंबर की स्थिति में जिले के सभी 105 उपार्जन केन्द्रों में 18 लाख 3 हजार 8 सौ 39.20 क्विंटल धान की खरीदी कर ली गई है। बताया जाता है कि किसान प्रति एकड़ धान खरीदी की मात्रा और धान खरीदी की नई दर का इंतजार कर रहे थे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की इस आशय की घोषणा किए जाने के बाद किसान धान लेकर उपार्जन केंद्र पहुंचने लगे और देखते ही देखते उपार्जन केन्द्रों में धान की बम्पर आवक शुरू हो गई। खास बात यह भी बताई जा रही है कि धान खरीदी के साथ समर्थन मूल्य का भुगतान भी किसानों के खाते में जारी किया जा रहा है। रायगढ़ जिले में 18,03,839.20 क्विंटल धान की कुल राशि 3,93,77,80,973.60 रूपए है। समर्थन मूल्य की राशि का भुगतान किसानों के खाते में जारी कर दिया गया है। यह भी बताया जाता है कि आने वाले दिनों में जिले के सभी उपार्जन केन्द्रों में धान की बम्पर आवक बनी रहेगी।
किसानों से 74 करोड़ 16 लाख की ऋण वसूली
जिले में इस सीजन के शुरुआती दिनों में धान की खरीदी काफी धीमी थी, लेकिन इन दोनों उपार्जन केन्द्रों में धान की आवक बढ़ गई है। जिससे उपार्जन केन्द्रों से धान का उठाव भी शुरू कर दिया गया है। बताया जाता है कि धान खरीदी का समर्थन मूल्य की राशि किसानों के बैंक खाते में जारी करने के साथ ऋण वसूली भी की जा रही है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार 18,03, 839.20 क्विंटल की कुल भुगतान राशि 3937780973.60 रूपए है। जिसमें से किसानों से ऋण वसूली की राशि 74,16,68, 306.55 रुपए है। इस तरह किसानों को की गई शुद्ध भुगतान की राशि 3,19,61,12,667.05 रुपए है।
जिले में 18 लाख 3 हजार क्विंटल धान की खरीदी
सभी 105 उपार्जन केन्द्रों में बढ़ी धान की आवक, 3 अरब 19 करोड़ 61 लाख समर्थन मूल्य की राशि का भुगतान
