धरमजयगढ़। रायगढ़ जिले के छाल एसईसीएल के एक खदान में शुक्रवार को स्थानीय ग्रामीणों व खदान के सुरक्षा के लिए तैनात जवानों के बीच जमकर हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान हालात ऐसे बन गए कि वहां की स्थिति को काबू में करने के लिए सुरक्षा जवानों की ओर से हवाई फायरिंग करनी पड़ी। सूत्रों के मुताबिक इस दौरान एक बार से अधिक फायरिंग हुई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने सुरक्षा जवानों के द्वारा हवाई फायरिंग किए जाने की बात कही है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर फायरिंग की घटना की पुष्टि नहीं हो सकी है। मिली जानकारी के मुताबिक इस घटना में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि झड़प के हिंसक होने के कारण सुरक्षा जवानों की ओर से जवाबी कार्रवाई की गई। जिससे कई ग्रामीणों को चोटें आईं हैं और कुछ जवान भी घायल हुए हैं। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच स्थिति को नियंत्रित किया। वहीं, घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है। इस घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की दोपहर छाल के लात खुली खदान के प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों व लात एसईसीएल खदान के सुरक्षा में लगे त्रिपुरा रायफल की 9 वी बटालियन के जवानों के बीच कथित तौर पर पार्किंग के लिए वसूली की बात को लेकर विवाद हो गया। जिसके बाद यह विवाद बढ़ता गया और दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प शुरू हो गई। फिलहाल, घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा छाल पुलिस इस मामले को लेकर आगे की जांच में जुट गई है। उधर, खबर लिखे जाने तक इस घटना से आक्रोशित ग्रामीण लात खदान के सामने धरना प्रदर्शन करते रहे।
ये हुए हैं घायल
इस घटना में दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आईं हैं। इस झड़प के दौरान सुरक्षा में लगे जवान मोनू कुमार दास सूबेदार, नायब सूबेदार अरुण देव् वर्मा, राजेश कुमार सिंह रायफल मेन घायल हुए हैं और ग्रामीणों में रवि ठाकुर, गुलशन, बबलू, प्रेम लता, कुमार लवकुश सहित अन्य के चोटिल होने की खबर है।
गांव के ग्रामीणों ने त्रिपुरा राइफल के जवानों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
फायरिंग होनें की भी मिल रही जानकारी, कोयला लोड गाडियों को रोकने पर हुआ विवाद, ग्रामीणों सहित कई जवान घायल
