रायगढ़। कला एवं संस्कृति की नगरी रायगढ़ में विश्व कल्याण मिशन ट्रस्ट के द्वारा संत श्री चिन्मयानंद बापू जी के जन्मोत्सव समारोह पर श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है। शहर के रामलीला मैदान में श्रीराम कथा का शुभारंभ 28 नवंबर को भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। सात दिवसीय श्रीराम कथा का समापन 4 दिसंबर को निर्धारित है, कल मंगलवार को श्री राम कथा शुभारंभ से पहले शहर के प्रसिद्ध गौरी शंकर मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकलेगी। खास बात यह है कि कलश यात्रा में संत श्री चिन्मयानंद बापू जी विशेष रूप से शामिल रहेंगे। श्रीराम कथा के शुभारंभ पर पद्मश्री सुरेंद्र दुबे विशेष प्रस्तुति देंगे। संत श्री चिन्मयानंद बापू जी के जन्मोत्सव समारोह पर आयोजित होने वाले श्रीराम कथा के लिए रामलीला मैदान में भव्य पंडाल का निर्माण किया गया है। विश्व कल्याण मिशन ट्रस्ट शाखा रायगढ़ की ओर से सभी श्रीराम कथा प्रेमी स्वजनों को आयोजन को सफल बनाकर पुण्य लाभ अर्जित करने का आवाहन किया गया है। कल 28 नवंबर से 4 दिसंबर तक आयोजित होने वाले श्रीराम कथा को लेकर रायगढ़ शहर सहित ग्रामीण क्षेत्र में अभूतपूर्व उत्साह है। विश्व कल्याण ट्रस्ट शाखा रायगढ़ आयोजन समिति की ओर से बताया गया है कि श्रीराम कथा का शुभारंभ शहर में भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। कलश यात्रा मंगलवार को पूर्वाह्न 11:00 बजे शहर के प्रसिद्ध गौरी शंकर मंदिर प्रागंण से निकली जाएगी। शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलश यात्रा आयोजन स्थल रामलीला मैदान पहुंचेगी। कलश यात्रा को भव्य रूप देने की पूरी तैयारी कर ली गई है। कलश यात्रा में शहर सहित ग्रामीण क्षेत्र के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होंगे। बताया गया है कि 28 नवंबर को श्रीराम कथा के प्रथम दिन प्रख्यात कवि पद्मश्री सुरेंद्र दुबे की विशेष प्रस्तुति होगी।