धरमजयगढ़। छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आए दिन नए राजनीतिक परिदृश्यों के सामने आने का सिलसिला जारी है। धरमजयगढ़ विधानसभा क्षेत्र में भी चुनावी हलचल के बीच उम्मीदवारों की लिस्ट लंबी होती जा रही है। बीजेपी, कांग्रेस सहित कई अन्य पार्टी प्रत्याशी के द्वारा नामांकन दाखिल करने की बात सामने आ रही है। इन सब के बीच अब जोगी जनता कांग्रेस पार्टी ने धरमजयगढ़ सीट के लिए जोगेन्दर एक्का को टिकट दिया है और उनके द्वारा नामांकन दाखिल कर दिया गया है। जोगेन्दर दर्रीडीह पंचायत के सरपंच चुनाव में हैट्रिक लगा चुके हैं जिसमें से दो बार वे निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। इसके साथ ही ढाई ढाई साल के कार्यकाल के मामले में भी जोगेन्दर काफी सुर्खियां बटोर चुके हैं। फिलहाल, चुनावी मैदान में जोगेन्दर की इस एंट्री ने क्षेत्र की राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है।
धरमजयगढ क्षेत्र में जनता काँग्रेस से टिकट मिलने के बाद मानो धरमजयगढ के चुनावी अखाड़े में जोगेन्दर एक्का अपनी एक अलग धमक का अहसास कराने की कोशिश कर रहे हैं। राजनीति के दांवपेंच में माहिर माने जाने वाले जोगेन्दर एक्का जोगी जनता कांग्रेस का छाप लेकर धरमजयगढ विधान सभा चुनाव की तैयारी में लग गए हैं। एक्का के अनुसार धरमजयगढ की खस्ताहाल सडक़ का सुधार उनकी प्राथमिकता है, जिस मुद्दे को बड़ी पार्टीयों ने अनदेखा कर दिया है।
जानकारों का मानना है कि जोगेन्दर चुनावी समीकरण बदलने का माद्दा रखते हैं। जोगेन्दर काफी समय से अपना चुनावी माहौल बनाने में जुटे हुए थे। जिनमे वे काफी हद तक सफल भी रहे हैं, जिसके कारण उनके सामने आने से कहीं न कहीं धरमजयगढ सीट की राजनीतिक समीकरण पर असर होने की बात कही जा रही है। जोगेन्दर एक्का धरमजयगढ नगर से लगे हुए गांव दर्रीडीह (शेरबन) के निवासी हैं। अब जोगी जनता कांग्रेस के प्रत्याशी जोगेन्दर एक्का अपनी किस्मत आजमाने चुनावी दंगल में कूद गए हैं।
दूसरी ओर सर्व आदिवासी समाज के ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र सिदार ने भी हमर राज पार्टी के प्रत्याशी के रुप में नामांकन दाखिल कर राजनीतिक उथलपुथल मचा दी है। महेंद्र के चुनावी मैदान में उतरने को सत्तापक्ष के लिए दोहरी चुनौती माना जा रहा है।
धरमजयगढ़ के चुनावी मैदान में जोगेन्दर एक्का की एंट्री
आधे कार्यकाल के मामले में बटोर चुके हैं सुर्खियां
