धरमजयगढ़। देश भर में शारदीय नवरात्रि का पर्व बड़े धूमधाम से मनाया जा रहा है। जगह जगह आदि शक्ति स्वरूपा मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा अर्चना की जा रही है। इस शुभ अवसर पर रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ नगर सहित पूरे अंचल में कई स्थानों पर माता का भव्य दरबार सज गया है। नगर के क्लब मैदान, बस स्टैंड, बाजारपारा व पतरापारा के टायगर चौक सहित समीप के बायसी ग्राम में दुर्गा पूजा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। परंपरा अनुसार धरमजयगढ़ नगर के दशहरा मैदान में षष्ठी तिथि से ऐतिहासिक दुर्गा पूजा महोत्सव शुरू हो गया है। तांत्रिक विधान से आदि शक्ति की पूजा अर्चना के इस भव्य महोत्सव के लिए इस बार माता रानी के दरबार को एक नए रुप में सजाया गया है। दशहरा मैदान में आयोजित इस महापर्व में देवी की आराधना के लिए दरबार को केदार नाथ धाम का रुप दिया गया है जो लोगों के मन को सहज ही आकर्षित कर रहा है। धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान में आयोजित दुर्गा पूजा महोत्सव का यह 64 वां वर्ष है। इन बीते दशकों में समिति के द्वारा हर साल महापर्व का भव्य व सफल आयोजन किया जाता रहा है। दशहरा मैदान दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र शर्मा ने कहा कि आदि शक्ति की आराधना के इस अंतहीन सिलसिले में बीते कुछ दशकों से हम इस ऐतिहासिक आयोजन के सफल संचालन का हिस्सा रहे हैं जो हमारे लिए गर्व की बात है। शर्मा ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ गगनभेदी आतिशबाजी का कार्यक्रम रखा गया है। साथ ही रामलीला मंचन के लिए कई समूहों को आमंत्रित किया गया है जो अपनी कला का प्रदर्शन कर आयोजन में चार चांद लगाएंगे। वीरेंद्र शर्मा ने सभी को नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं देते हुए शांतिपूर्वक त्यौहार मनाने की अपील की है।