रायगढ़। अनंत ब्रम्हांड के महानायक, सृष्टि के पालनहार भगवान श्रीहरि विष्णु के सातवें अवतार करोड़ों हिंदूओं के आराध्य देव तीनों ब्रम्हांड में सर्वत्र पूजनीय जन – जन के आराध्य देव की जयंती श्री रामनवमी महापर्व का पावन त्योहार है और जन – जन को भगवान श्रीराम के प्रति अटूट आस्था भी है। वहीं नवमीं तिथि को माता भवानी के नौवें रुप की भी आराधना पूजा की जाती है। आज 6 अप्रैल को माता सिद्धिदात्री की पूजा अर्चना व महाभंडारा के पश्चात करोड़ों हिंदू श्रद्धालुओं ने व शहरवासियों ने आराध्य देव मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम रामलला की पूजा शुभ मुहूर्त सुबह 11 बजे से दोपहर 1:35 बजे तक श्रद्धा व उत्साह के साथ पूजा अर्चना केतकी के फूल, चंपा, मालती, कमल, गेंदा, गुलाब और कुंद के फूल, तुलसी, बिल्वपत्र, कुशा, शमी और भृंगराज के पत्ते व विभिन्न प्रकार के मिष्ठान्न भोग अर्पित व महाआरती, रामायण पाठ, माता सीता, हनुमान जी की पूजा कर अपने – अपने घर व मंदिरों में श्रीराम जन्मोत्सव को बड़ी श्रद्धा से मनाए और श्रद्धा के दीपों से अपने घर – द्वार को रौशन किए व समूचा अंचल प्रभु श्रीराम के जयकारे से गुंजित हो गया।
महापर्व है श्री रामनवमीं
मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम जी का राम नवमीं का महा पर्व हमारे देश के अतिरिक्त विश्व के अनेक देशों में बड़ी श्रद्धा व धूमधाम से मनाया जाता है। वहीं पुराणों में उल्लेख है कि चैत्र मास की नवमी तिथि को भगवान विष्णु के अवतार मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम का जन्म त्रेतायुग में अयोध्या के महाराजा दशरथ के यहां हुआ था।और उनके ज्येष्ठ सुपुत्र माना जाता है। यही कारण है कि इस पवित्र दिन को राम नवमीं महापर्व कहा जाता है और श्रद्धा व विधि विधान के साथ भगवान राम की पूजा अर्चना और रामायण का पाठ और राम रक्षा स्तोत्र का पाठ करने से सुख और सौभाग्य में वृद्धि होती है और सभी तरह के रोग व कष्ट से मुक्ति मिलती है। वहीं शास्त्रों के मुताबिक इस दिन व्रत करने से ज्ञान, पवित्रता, बुद्धि, धैर्य शक्ति का विस्तार होता है और धन धान्य में वृद्धि भी होती है. साथ ही सभी ग्रह-नक्षत्रों का शुभ फल प्राप्त होता है और सभी कार्य भगवान श्रीराम के आशीर्वाद से संपन्न होते हैं साथ ही मोक्ष की प्राप्ति भी होती है। यही वजह है कि करोड़ों हिंदू श्रद्धालुगण आराध्य देव भगवान श्री राम जी की पूजा आराधना पवित्र मन व हृदय से पुलकित होकर करते हैं।
स्वर्ग सा सजा सौंदर्य की बिखरी रंगीन छटाएं
भगवान श्रीराम जी की जयंती श्रीराम जन्मोत्सव को शहरवासी अत्यंत श्रद्धा, उत्साह व भव्यता के साथ मनाते हैं जिसकी ख्याति पूरे छत्तीसगढ़ में है। वहीं विगत 2014 से शहर के हिंदु समाज के श्रद्धालुगण इसे और भी भव्यता दे रहे हैं वहीं इस बार भी श्रीराम नवमीं आयोजन समिति के सभी सदस्यगण व शहरवासी श्रीराम जन्मोत्सव की खुशी में पूरे शहर को खूबसूरत झालरों, तोरण, भगवा ध्वज, भगवान श्रीराम की प्रतिमा व फूलों के मनभावन हार से सजाए हैं। जिसकी खूबसूरती ने हर किसी के मन और हृदय को आकर्षित व आनंदित किया। वहीं श्रद्धालुओं को यह भान हुआ कि आज शहर में आराध्य देव प्रभु श्रीराम अवतरित हुए हैं।
नटवर स्कूल मैदान से निकली ऐतिहासिक शोभा यात्रा
शहरवासियों को भगवान श्रीराम की शोभा यात्रा का हृदय से इंतजार था और इस ऐतिहासिक यादगार मनभावन शोभा यात्रा में हिंदु समाज के हर उम्र के लोगों में खुशी साफ झलक रही थी। जैसे ही श्रीराम नवमीं आयोजन समिति द्वारा आयोजित ऐतिहासिक शोभा यात्रा की घड़ी करीब आई व शाम चार बजे के पूर्व से ही नटवर स्कूल मैदान में श्रद्धालुओं की भीड़ उमडऩे लगी और देखते ही देखते भक्तों का अनंत जमावड़ा हो गया और समूचा शहर भगवान श्रीराम के नारे, मधुर गीत व जय – जय श्री राम से गुंजायमान हो गया।
विधि विधान से हुई शस्त्र पूजा
भगवान श्रीराम शोभा यात्रा के नटवर स्कूल मैदान में पंडित दुर्गेश दुबे के सानिध्य में विधि विधान से शस्त्र पूजा – अर्चना की गई। जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने बड़ी श्रद्धा से भाग लिया। वहीं पूजा – अर्चना व महाआरती के बाद नटवर स्कूल मैदान जय – जय श्रीराम के जयकारे से गुंजित हो गया। इसके पश्चात भव्य शोभायात्रा निकली।
डमरु दल ने बांधा समां
शोभा यात्रा के दौरान नटवर स्कूल के पास सागर से पहुंचे डमरु दल टीम के कलाकारों ने जब एक साथ डमरु नाद का स्वर फिजाओं में घोले तो उपस्थित हजारों लोग मधुर डमरु के धुन के साथ भावविभोर होकर झूमने लगे और उनके साथ जमकर सेल्फी भी लिए।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी हुए शामिल हर चौक चौराहों में पुष्प वर्षा और महाआरती
भगवान श्री राम की भव्य शोभायात्रा का सभी चौक चौराहों में श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर आत्मीय स्वागत किया व विशाल मनभावन रथ में विराजित भगवान श्रीराम की प्रतिमा की महाआरती उतार कर अभिनंदन किया और जमकर जय – जय श्री राम के नारे लगे। वहीं वित्तमंत्री ओपी चौधरी भी शोभा यात्रा में शामिल हुए और भगवान श्री राम की पूजा अर्चना कर शहरवासियों एवं जिलेवासियों को श्री राम नवमी महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी।
विशाल नंदी की झांकी ने किया हर्षित
शो यात्रा में खास आकर्षण विशाल नंदी की मनभावन झांकी भी रही जिसमें भगवान शिव और माता पार्वती के रुप में कलाकार विराजित थे और डमरू बजाकर वे श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार कर रहे थे और उनके साथ – साथ भूत गण मस्त झूम रहे थे जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और सभी मुग्ध हो गए।
32 मुख की महाकाली का नृत्य देख हतप्रभ हुए लोग
मनभावन झांकी के अंतर्गत 32 मुख की महाकाली माता का नृत्य देखने के लिए हजारों श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। वहीं जब मधुर भजन गीत के साथ उन्होंने प्रस्तुति दी तो हजारों रामभक्त खुशी से झुमने लगे। इसी तरह सडक़ में चलते – चलते कलाकारों ने ऐसी मनभावन रंगोली बनाई। जिसे देखकर सभी का मन हर्षित हो गया।
जब आशीर्वाद देते गुजर रहे थे हनुमान जी
ऐतिहासिक शोभा यात्रा में हनुमान जी की जीवंत झांकी ने भी सभी लोगों को आकर्षित किया। जब वे सडक़ पर लोगों को आशीर्वाद देते हुए गुजर रहे थे तो उनका आशीर्वाद लेने और उनके साथ सेल्फी लेने लोगों की होड़ लग गई और जय – जय श्रीं राम, जय हनुमान के जमकर नारे लगाए।
आदिवासी नृत्य के साथ मस्त झूमे लोग
जशपुर की कर्मा पार्टी, आदिवासी नृत्य ने हजारों लोगों को मुग्ध किया वे आदिवासी संस्कृति वेशभूषा में सजे थे और कर्मा के मधुर थाप संग निहाल होकर झूम रहे थे उनके साथ – साथ शोभा यात्रा में शामिल श्रद्धालुगण भी मस्त झूमे। हर किसी के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। इसी तरह इस बार 32 समाजों द्वारा झांकियां निकाली जाएगी।जिनमें से 9 झांकियां बाहर से मंगवाई गई थी समाज की लगभग 70 झांकियों ने श्रद्धालुओं को हर्षित किया। वहीं पांच किलोमीटर तक की लंबी यादगार झांकियों ने महारिकार्ड भी बना दिया।
250 कार्यकर्ता रहेंगे सजग
ऐतिहासिक एवं यादगार शोभा यात्रा में इस बार 250 कार्यकर्ता व्यवस्था संभालने जुटे रहे। जो आयोजन के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति को संभालने और सुरक्षा की दृष्टि से भी मोर्चा संभालने के लिए जुटे रहे।वहीं आपात स्थिति से निबटने के लिए दो एंबुलेंस सिटी कोतवाली और रामलीला मैदान मे थी। साथ ही मेडिकल कॉलेज, जिला चिकित्सालय में मेडिकल इमरजेंसी की व्यवस्था भी की गई थी।
जगह – जगह पुष्प वर्षा और महाआरती
यादगार शोभा यात्रा के दौरान शहर के हर चौक चौराहों में ऐतिहासिक भव्य शोभायात्रा का पुष्प वर्षा और महाआरती की गई। इसी तरह शहर के विभिन्न स्थानों में शोभा यात्रा में शामिल हजारों श्रद्धालुओं को शहर के विभिन्न सामाजिक संस्थाओं व व्यवसायियों ने नाश्ते, बिस्कुट, समोसे, शीतल शर्बत, ठंडाई, मिठाई सहित अनेक चीजों से आत्मीय स्वागत किया।
जिला प्रशासन व पुलिस विभाग का सराहनीय योगदान
भगवान श्री राम शोभा यात्रा के दौरान पूरे कार्यक्रम तक जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन व ट्रैफिक विभाग का बेहद सराहनीय योगदान रहा। वहीं ट्रेफिक रुट बनने से लोगों को दिक्कतों का सामना भी नहीं करना पड़ा।
महाभंडारे का आयोजन
वहीं शोभायात्रा के समापन के बाद रामलीला मैदान में सांस्कृतिक संध्या का भव्य आयोजन भी किया गया। जिसमें स्थानीय कलाकारों द्वारा भजनों की शानदार प्रस्तुति दी गई। साथ ही सभी के लिए भंडारे की व्यवस्था भी समिति द्वारा की गई ।इसी तरह श्री राम शोभा यात्रा आयोजन 2025 को यादगार व ऐतिहासिक बनाने में श्री राम आयोजन समिति के सभी सदस्यों व शहरवासियों का सराहनीय योगदान रहा।