बरमकेला। जनपद पंचायत बरमकेला में आज अध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया जब कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक के बाद हाथापाई की नौबत आ गई। इस झड़प में भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता यशवंत नायक को चोट लग गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल उप स्वास्थ्य केंद्र बरमकेला ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी मरहम पट्टी की।
घटना उस समय हुई जब जनपद पंचायत अध्यक्ष चुनाव का मतदान चल रहा था। भाजपा समर्थित प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए यशवंत नायक जोर-शोर से आवाज उठा रहे थे। इसी दौरान कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही धक्का-मुक्की में बदल गई। इस हंगामे में यशवंत नायक जमीन पर गिर पड़े, जिससे उनके कपड़े फट गए और उन्हें चोटें आईं।
यशवंत नायक को चोट लगने की खबर मिलते ही भाजपा के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। भाजपा के वरिष्ठ नेता जगन्नाथ पाणिग्रही, राजू नायक, तरुण अग्रवाल सहित कई अन्य भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और यशवंत नायक का हालचाल जाना। डॉक्टरों ने यशवंत नायक की चोटों का प्राथमिक उपचार किया और उन्हें आराम की सलाह दी। इस घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह हमला सुनियोजित था और भाजपा समर्थित प्रत्याशी को कमजोर करने की साजिश के तहत किया गया। भाजपा के जिला अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों ओर कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।
जनपद पंचायत अध्यक्ष चुनाव के इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की है। भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के नेता अपने-अपने कार्यकर्ताओं को शांत रहने की अपील कर रहे हैं। इस घटना ने जनपद पंचायत अध्यक्ष चुनाव के माहौल को गरमा दिया है और आगामी परिणामों पर इसका सीधा असर पड़ सकता है। चुनाव के बाद भी इस घटना की गूंज क्षेत्र की राजनीति में लंबे समय तक सुनाई दे सकती है।
जनपद पंचायत अध्यक्ष चुनाव में हंगामा
मारपीट में घायल हुए भाजपा नेता यशवंत नायक
