रायगढ़. लैलूंगा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने ग्राम सोनाजोरी में छापामारी करते हुए 22 किलो गांजा के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही पकड़े गए आरोपियों के पास से करीब 21 लाख से अधिक की संपत्ति भी जब्त की गई है।
उल्लेखनीय है कि विगत दो मार्च को साइबर सेल और लैलूंगा पुलिस टीम ग्राम चिटकानारा में गांजा रेड की कार्यवाही करते हुए आरोपी गोजा यादव से 9 किलो गांजा जब्त किया था, इस दौरान जब आरोपी ने पूछताछ में बताया कि क्षेत्र में गांजा की बिक्री जोरों से चल रही है, जिससे पुलिस इन पर नजर बनाई हुई थी। ऐसे में शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी केशव यादव पिता निरंजन यादव (29 वर्ष) निवासी कटघरा बैस्कीमुड़ा और उसका साथी नत्थू उर्फ लुदरोराम पिता गोजा यादव (35 वर्ष) निवासी चिटकानारा थाना लैलूंगा अवैध गांजा बिक्री में शामिल है, जो विगत 1 मार्च को दोनों ने उड़ीसा के रेडाखोल बौध क्षेत्र से गांजा खरीदकर क्रेटा कार से लाए हैं, जो बिक्री भी शुरू कर दिए हैं। ऐसे में पुलिस की लगातार जांच को देखते हुए आरोपियों ने ग्राम सोनाजोरी स्थित एक नवनिर्मित मकान में करीब 22 किलो गांजा छिपाकर रखे थे। जिसकी जानकारी मिलते ही साइबर सेल डीएसपी अनिल विश्वकर्मा के नेतृत्व में लैलूंगा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर आरोपी केशव यादव और नत्थू को गिरफ्तार कर तलाशी की तो आरोपियों के पास से 22 किलो गांजा (11-11 किलो की दो बोरियों में रखा हुआ था), साथ ही एक क्रेटा कार सीजी-15 ईई 0343 (कीमत 17 लाख), एक दोपहिया वाहन सीजी15 जेडडी 4389 (कीमत 2 लाख), और दो वीवो मोबाइल फोन बरामद किए गए। जिसकी कुल कीमत 21.20 लाख आंकी गई है।
गांजा के मुनाफे से खरीदा था कार
इस संंबंध में पुलिस ने बताया कि जब आरोपी केशव यादव से पूछताछ की तो उसने बताया कि गांजा बिक्री के मुनाफे से उसने एक क्रेटा कार, एक दोपहिया वाहन और ग्राम सोनाजोरी व रुडेकेला में करीब 51 लाख की जमीन की खरीदी किया है। इससे पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत मामला दर्ज कर दर्ज कर जांच में लिया है।
इनकी रही अहम भूमिका
उक्त कार्रवाई एसपी दिव्यांग पटेल के दिशा निर्देशन एवं साइबर डीएसपी अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में सहायक उप निरीक्षक चंदन सिंह नेताम, खेमराज पटेल, आरक्षक मनीष पटनायक और साइबर सेल के प्रधान आरक्षक राजेश पटेल, दुर्गेश सिंह, बृजलाल गुर्जर, महेश पंडा, प्रशांत पंडा, नवीन शुक्ला, पुष्पेंद्र जटवार, प्रताप बेहरा, विकास प्रधान और रविंद्र गुप्ता ने सराहनीय भूमिका निभाई है।
क्रेटा कार से हो रही थी गांजा की तस्करी
22 किलो गांजा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, क्रेटा कार, बाइक समेत 21.20 लाख की संपत्ति जब्त
