बिलासपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा नॉर्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट ऑडिटोरियम, बिलासपुर में महिला कर्मियों के सम्मान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री तरुण प्रकाश, महाप्रबंधक एवं विशिष्ट अतिथि श्रीमती मीनाक्षी शर्मा, अध्यक्षा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे महिला कल्याणकारी संगठन ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
कार्यक्रम की शुरुआत महिला कर्मियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुई, जिसमें लोकनृत्य, समूहगान और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से महिलाओं के संघर्ष, योगदान और सशक्तिकरण को दर्शाया गया। महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने अपने संबोधन में रेलवे में महिला कर्मियों की भूमिका की सराहना की और कहा कि भारतीय रेलवे महिलाओं को समान अवसर प्रदान करने और उन्हें हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि रेलवे प्रशासन महिला कर्मचारियों को हरसंभव सहयोग देने के लिए संकल्पबद्ध है, जिससे वे अपने कार्यस्थल पर आत्मनिर्भर और सुरक्षित महसूस करें।
विशिष्ट अतिथि श्रीमती मीनाक्षी शर्मा ने अपने संबोधन में महिला कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया और कहा कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे महिला कर्मचारियों के लिए एक सुरक्षित और सहयोगात्मक कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक श्री विजय कुमार साहू तथा प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी श्रीमती दर्शनीता बी अहलुवालिया सहित विभिन्न वरिष्ठ अधिकारीगण एवं बिलासपुर, रायपुर और नागपुर मंडलों की महिला अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थीं। महिला कर्मचारियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए, रेलवे प्रशासन द्वारा बिलासपुर, रायपुर और नागपुर में विशेष हेल्थ चेक-अप कैंप आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में महिला कर्मचारियों ने भाग लिया। यह पहल रेलवे प्रशासन के उस समर्पण को दर्शाती है, जिसमें महिला कर्मचारियों की भलाई और स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी जाती है।
बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर भी महिला दिवस के उपलक्ष्य में महिला सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करने के लिए कई विशेष व्यवस्थाएं की गईं। आरक्षित टिकट काउंटर (पीआरएस) एवं अनारक्षित टिकट काउंटर (यूटीएस) पर पूरे दिन टिकटिंग का कार्य महिला कर्मचारियों द्वारा ही किया गया, जिससे उनकी दक्षता और कार्यकुशलता को प्रदर्शित करने का अवसर मिला। यात्रियों की सहायता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए महिला सिविल डिफेंस कर्मियों की विशेष तैनाती की गई, जिन्होंने यात्रियों की हर संभव सहायता प्रदान की। ट्रेन संचालन में भी महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए ट्रेन संख्या 58210 बिलासपुर-कोरबा पैसेंजर एवं 18237 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में टिकट चेकिंग का संपूर्ण कार्य महिला कर्मचारियों की टीम द्वारा किया गया। महिला टीटीई की इस विशेष टीम ने अपने कौशल और निपुणता से यह साबित किया कि वे रेलवे के प्रत्येक विभाग में अपनी जिम्मेदारियों को कुशलता से निभाने में सक्षम हैं।
महिला सुरक्षा और जागरूकता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाते हुए रेलवे प्रशासन द्वारा सिविल डिफेंस, स्काउट गाइड एवं चिकित्सा स्टाफ के सहयोग से नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया, जिसमें महिला यात्रियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और रेलवे द्वारा चलाई जा रही विशेष योजनाओं की जानकारी दी गई। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के तीनों मंडलों में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। यह आयोजन न केवल महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण को समर्पित था, बल्कि यह भी दर्शाता है कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे महिला कर्मचारियों के उत्थान और उन्हें समान अवसर प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर नॉर्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट ऑडिटोरियम, बिलासपुर में
महिला कर्मियों को समर्पित कार्यक्रम का आयोजन
