ममता के छांव तले सीएम साय ने मनाया अपना जन्म दिन
जनता के प्रेम, समर्पण व अर्शीवाद ने अभिभूत किया सूबे के मुखिया विष्णुदेव साय को
मां द्वारे की तुलसी जैसी,
मां बरगद की छाया सी।
मां कविता की सौम्य पंक्तियां,
महाकाव्य की काया जैसी।।
जशपुरनगर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जन्मदिन पर उनका गृह ग्राम बगिया एक भावनात्मक मिलन का केंद्र बन गया। उनके आगमन की सूचना से ही सुबह से लोग उन्हें शुभकामनाएं देने उमड़ पड़े, और दोपहर तक पूरा गांव एक उत्सव स्थल जैसा दिखने लगा। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जन जन के अपार प्रेम, शुभकामनाएं और आशीर्वाद के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आपके प्यार, विश्वास और स्नेह से मुझे नई ऊर्जा मिलती है। उन्होंने कहा कि मैं आप सभी के आशीर्वाद के लिए हृदय से आभारी हूँ। मेरी कामना है कि यह आत्मीयता और समर्थन सदैव बना रहे।
जन्मदिवस पर बगिया में हुआ श्री सत्यनारायण व्रत कथा का आयोजन
मुख्यमंत्री ने परिवार सहित भक्तिभाव से कथा श्रवण कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज अपने जन्मदिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय बगिया में परिवारजनों और भक्तों के साथ श्री सत्यनारायण व्रत कथा का श्रवण किया। इस पावन अवसर पर उनकी माता श्रीमती जसमनी देवी, धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय, परिवारजन, स्वजन और बंधु-बांधवों ने भक्तिभाव से कथा का श्रवण किया और भगवान श्री सत्यनारायण की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
माता का आशीर्वाद लेकर मनाया जन्मदिवस
कथा के समापन के पश्चात मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने प्रियजनों द्वारा लाए गए जन्मदिन के केक को सर्वप्रथम अपनी माता श्रीमती जसमनी देवी को अपने हाथों से खिलाकर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने उपस्थित सभी लोगों से आत्मीय संवाद किया और सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर कहा कि यह जन्मदिवस उनके लिए निजी उत्सव से बढक़र एक सेवा का संकल्प दिवस है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों के प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट की और छत्तीसगढ़ की समृद्धि, विकास और शांति के लिए सतत प्रयासरत रहने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर अनेक विशिष्ट जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे, जिनमें प्रमुख रूप से राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह, सांसद राधेश्याम राठिया, सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं विधायक श्रीमती गोमती साय, कृष्णा राय, श्रीमती उर्वशी सिंह, श्री सुनील गुप्ता, शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, ओमप्रकाश सिन्हा, गुरुपाल भल्ला, विकास केडिया सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित थे।
पीएम मोदी सहित देश के शीर्ष नेताओं ने सीएम साय को दी जन्मदिन की शुभकामनाएँ
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के जन्मदिन के अवसर पर देशभर से शुभकामनाओं का सिलसिला जारी रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय खेल एवं युवा कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया, केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल, केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सहित कई केंद्रीय मंत्रियों, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों, सांसदों, विधायकों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने ट्विटर और अन्य सोशल मीडिया माध्यमों के जरिए मुख्यमंत्री को जन्मदिन की हार्दिक बधाई दी।उन्होंने मुख्यमंत्री श्री साय के सेवा, समर्पण और सुशासन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने जताया आभार
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्रियों, लोकसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्रियों, सांसदों, विधायकों और प्रदेशवासियों सहित सभी शुभचिंतकों का धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास और जनकल्याण के लिए उनका संकल्प अटूट है, और वे प्रदेश को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करते रहेंगे।