रायपुर। छत्तीसगढ़ निकाय चुनाव के नतीजे 15 फरवरी को आएंगे। इससे पहले शुक्रवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि, हमें अच्छी सफलता मिलेगी। 13 महीने में सरकार ने जो काम किया, उसकी वजह से जनता का भाजपा पर भरोसा बढ़ा है। नगरीय निकाय क्षेत्रों में अच्छे काम हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि, कांग्रेस पर अब जनता भरोसा नहीं करती है। क्योंकि कांग्रेस के लोग करते कुछ है कहते कुछ हैं। जनता को ठगा गया है, ये बात जनता जानती है। कांग्रेस को जनता देख चुकी है। जैसे भाजपा को विधानसभा, लोकसभा और दक्षिण के उप चुनाव में जनता का साथ मिला उसी तरह साथ मिलेगा।
हमें मिलेगी विशाल विजय- सवन्नी
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और नगरी निकाय चुनाव के प्रदेश प्रभारी भूपेन्द्र सवन्नी ने कहा कि, नगरीय निकाय चुनाव में हम पूरे प्रदेश में विजयश्री हासिल करने जा रहे हैं। हमारे कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों ने पूरी मजबूत इच्छा शक्ति के साथ चुनाव में जुटे थे जिसका सार्थक परिणाम मिलेगा। प्रदेश में कांग्रेस के पास न कोई मुद्दा है न कोई नेतृत्व है कांग्रेस केवल अफवाहों पर आधारित पार्टी रह गई है। भ्रष्टाचार के घिरी कांग्रेस को जनता करारा जवाब देना चाहती है। कांग्रेस के शासनकाल में पीएससी घोटाले से लेकर युवाओं को छलने का मामला किसी से छिपा नहीं है।
सभी निकायों में हमारे कार्यकर्ता मुस्तैद
प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि, सभी निकायों में कांग्रेस के प्रत्याशी चुनाव जीतेंगे। सभी निकायों में हमारे कार्यकर्ता पूरी तरह से मतगणना क्षेत्रों में मुस्तैद रहेंगे। मतगणना के दौरान प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सभी जिलों के कंट्रोल रूम से सतत संपर्क में रहेंगे। वरिष्ठ नेताओं को मतगणना के दौरान अपने प्रभार जिलों में रहने को कहा गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि, हम निकाय चुनाव में अपने जीत का रिकार्ड दोहरायेंगे। कांग्रेस अधिकांश निकायों में चुनाव जीतेगी। प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार के खिलाफ वातावरण है।