रायगढ़। जिले में एक हाथी ने ग्रामीण को पटक-पटककर मार डाला। ग्रामीण लकड़ी लेने के लिए घर से जंगल गया था। मामला घरघोड़ा वन परिक्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक बरौद का रहने वाला बंधन राठिया (57) मंगलवार को पास के बरौद जंगल में लकड़ी लेने के लिए गया था। इस दौरान हाथी से उसका सामना हो गया। हाथी ने ग्रामीण पर हमला कर दिया। उसे सूंड से पटक-पटककर मार दिया। देर शाम तक ग्रामीण जब घर नहीं पहुंचा, तो उसके परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिजन और ग्रामीण बंधन राठिया को जंगल ढूंढने गए। जंगल में बंधन राठिया की लाश मिली। इसके बाद मामले की जानकारी वन अमले को दी गई। जहां वनकर्मी मौके पर पहुंचे और पंचनामा कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजवाया।
बताया जा रहा है कि घरघोड़ा रेंज में हाथी नहीं था, लेकिन मंगलवार एक हाथी धरमजयगढ़ वन मंडल की ओर से आगे बढ़ते हुए बरौद के जंगल में पहुंचा था। घटना के बाद हाथी वापस धरमजयगढ़ जंगल की ओर चले गया। घरघोड़ा रेंजर चंद्र कुमार राठिया ने बताया कि मृतक के परिजनों को तत्काल 25 हजार रुपए सहायता राशि दी गई है। रायगढ़ और धरमजयगढ़ वन मंडल के अलग-अलग रेंज में 117 हाथी विचरण कर रहे हैं। कई दल शाम ढलने के बाद गांव के करीब पहुंच रहे हैं और किसानों की फसल को बर्बाद कर रहे हैं।
ग्रामीणों को करना पड़ता है रतजगा
रात में जब जंगल से निकलकर हाथियों का दल किसानों के खेतों तक पहुंचता है। तब किसानों को कई बार रतजगा तक करना पड़ जाता है। हाथी मित्र दल, वनकर्मियों के साथ ग्रामीण उन्हें गांव से दूर भगाने की कोशिश करते हैं।
यहां इतने हाथी कर रहे विचरण
विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल के लैलूंगा रेंज के तिलाईदरहा में सबसे ज्यादा 39 हाथी विचरण कर रहे हैं। इसके अलावा छाल रेंज के बोजिया में 28, कापू के कुमरता में 9, रायगढ़ वन मंडल के कांटाझरिया में 7, भैंसगढ़ी में 18 हाथी के साथ ही अलग-अलग रेंज के बीट में 117 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। इन दलों में 40 नर हाथी, 55 मादा के अलावा 22 शावक शामिल हैं।
गांव में करा रहे मुनादी
हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग हाथी प्रभावित गांवों में मुनादी करा रहा है। इसके अलावा हाथी मित्र की टीम सभी दल पर निगरानी रख रहे हैं। ताकि हाथी गांव तक नहीं पहुंचे और किसी प्रकार की जनहानि न हो। ग्रामीणों को जंगल की ओर जाने से भी मना किया जा रहा है।
सीएम साय कल महाकुंभ स्नान के लिए जाएंगे प्रयागराज
सचिव पी दयानंद ने महाकुंभ के छत्तीसगढ़ पवेलियन का किया निरीक्षण
