रायपुर। नगरीय निकाय चुनाव के मतदान से पहले रविवार की रात 11:30 बजे फायरिंग हुई है। गोली किसने और क्यों चलाई। इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस की टीम मामले की जांच कर रही है। घटना गोलबाजार थाना क्षेत्र के मटका गली की है। देर रात घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। गोलबाजार थाना प्रभारी अर्चना धुरंधर ने बताया कि, गोली चलने की सूचना मिली है। हमें कुछ वीडियो भी मिले हैं। आरोपियों की पतासाजी की जा रही है। रायपुर के हलवाई लाइन स्थित दरगाह हजरत सैय्यद कुतुब शाह वली में उर्स चल रहा है। शहर के अलग-अलग इलाकों से बैंड बाजे के साथ लोग बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। इस आयोजन के दौरान पुलिस बल भी तैनात है। लेकिन गोली किसने और किस कारण से चलाई, इसकी जानकारी नहीं मिली है। प्रदेश में नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव होने वाले हैं। पूरे राज्य में आचार संहिता लागू है। आचार संहिता में लाइसेंसी शस्त्र लोगों से संबंधित थानों में जमा कर दिए जाते हैं। जिस बंदूक से फायरिंग की गई, वो लाइसेंसी थी या बिना लाइसेंसी बंदूक, यह भी पता नहीं चल सका है।