रायगढ़। वन मंडल रायगढ़ के बंगुरसिया गांव एक जंगली हाथी का उत्पात जारी है। बीती रात एक बार फिर से जंगल से निकलकर धान खरीदी पहुंचकर दंतैल हाथी ने तीन बोरी धान को खाते हुए कुछ बोरियों को नुकसान भी पहुंचाया है। लगातार हाथी के गांव के करीब पहुंचने से ग्रामीणों में भी दहशत का माहौल निर्मित हो चुका है।
मिली जानकारी के मुताबिक रायगढ़ वन मंडल में इन दिनों करीब 60 हाथी अलग-अलग दलों में विचरण कर रहे हैं। जिसमें बंगुरसिया के जंगलों में पिछले कुछ दिनों से 19 हाथी विचरण कर रहे हैं जिसमें एक दल में 18 तो वहीं एक हाथी अकेले ही विचरण कर रहा है। गांव के ग्रामीणों ने बताया कि अकेले विचरण कर रहा यह हाथी अब तक 5 बार धान खरीदी केन्द्र पहुंचकर 30 से अधिक धान की बोरियों को नुकसान पहुंचा चुका है। बीती रात भी यह हाथी जंगल से निकलकर एक बार फिर धान खरीदी केन्द्र तक पहुंचा जहां फिर से 3 बोरी को खाने के बाद जंगल की ओर लौट गया। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने हाथी का वीडियो भी बनाया है। क्षेत्र में 19 हाथी के विचरण करने के साथ-साथ एक हाथी के लगातार धान खरीदी केन्द्र तक पहुंचने की वजह से अब मंडकर्मी भी दहशत में आ चुके हैं।
बंगुरसिया गांव के ग्रामीणों ने बताया कि कल दोपहर के समय भी यह हाथी रायगढ़-हमीरपुर मार्ग में आ गया है जिसके बाद सडक़ के दोनो ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान वन विभाग की टीम भी पूरे समय तैनात रही और हाथी के मौजदूगी को देखते हुए लोगों को हाथी से दूरी बनाये रखने अपील की जा रही थी।
खरसिया क्षेत्र में भी 3 हाथी
नौरंगपुर रसियामुड़ा के पास तीन हाथियों का दल पहुंचने से ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया है। स्थानीय सूत्रों एवं वन विभाग के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, इन हाथियों की मौजूदगी से आसपास के क्षेत्रों में दहशत फैल गई है। वन विभाग की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। अधिकारी हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रख रहे हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।