रायपुर। नए साल से पहले खाद्य विभाग ने नकली पनीर बनाने वाली 2 फैक्ट्रियों में छापेमारी की। 24 घंटे के अंदर 6500 किलो नकली पनीर जब्त किया है। काशी एग्रो फूड्स फैक्ट्री से 2500 किलो और एसजे मिल्क प्रोडक्ट्स कंपनी से 4000 किलो पनीर जब्त किया है। खाद्य विभाग के मुताबिक निमोरा पुल के पास आकाश बंसल की कंपनी पर रेड की गई है। कंपनी बिना दूध के इनग्रेडिएंट्स डालकर पनीर बना रही थी। गंदे पानी का भी उपयोग किया जा रहा था। जब्त पनीर की कीमत लगभग 15 लाख रुपए आंकी गई है।
इससे पहले सोमवार को अधिकारियों ने बिरगांव इलाके में काशी एग्रो फूड्स फैक्ट्री पर छापा मारा था। 2500 किलो नकली पनीर को नए साल के जश्न के लिए कई होटलों में सप्लाई किया जाना था। फैक्ट्री मालिक का नाम शिवम गोयल है, जो आगरा का रहने वाला है। अफसरों ने जांच में पाया कि, इस पनीर में दूध की एक बूंद भी नहीं थी, बल्कि यह खराब क्वॉलिटी के तेल और हानिकारक केमिकल से तैयार किया गया था। रायपुर से बाहर भी यह पनीर सप्लाई किया जा रहा था। फिलहाल, फैक्ट्री को सील किया जा रहा है। संचालक के खिलाफ एफआईआर भी होगी। करीब 3 से 4 घंटे तक चली जांच के बाद फैक्ट्री में बनाए जा रहे नकली पनीर का पता चला। जांच अधिकारियों को फैक्ट्री से कई तरह के केमिकल भी मिले। फैक्ट्री संचालक ने बताया कि, इन्हें मिलाकर ही यह पनीर तैयार किया गया है। अफसरों ने बताया कि डालडा, हाइड्रोक्लोरिक एसिड, स्कीम मिल्क पाउडर मिलाकर पनीर तैयार किया गया था। जबकि पनीर सही तरीके से दूध से बनाया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि, पनीर को ओडिशा भेजा जाता था। वहां के छोटे रेस्टोरेंट में सप्लाई भी की गई है। बताया जा रहा है कि, खराब क्वॉलिटी की पनीर बनाने की सूचना खाद्य विभाग के नियंत्रक चंदन कुमार को मिली थी। इसके बाद उन्होंने अपनी टीम के अधिकारी सहायक आयुक्त मोहित बेहरा, नितेश मिश्रा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी राखी ठाकुर, क्षीरसागर पटेल, अजीत बघेल और सतीश राज के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने फैक्ट्री के कई दस्तावेज, स्टॉक रजिस्टर, प्रोडक्ट में शामिल इंग्रेडिएंट्स की जानकारी, पैकेजिंग से जुड़े दस्तावेज और कई तरह के सामान जब्त कर लिए हैं। औषधि प्रशासन विभाग के नियंत्रक चंदन कुमार ने बताया कि, फैक्ट्री को सील किया जा रहा है। संचालक के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जा सकती है।
ऐसे बनती है नकली पनीर
नकली पनीर को बनाने के लिए खराब दूध, आटा, डिटर्जेंट पाउडर, पाम ऑयल, ग्लिसरॉल मोनोस्टियरेट पाउडर जैसी चीजों को मिलाया जाता है। इसके अलावा असली पनीर के जैसा शेप (आकार) देने के लिए नकली पनीर में सल्फ्यूरिक एसिड का इस्तेमाल किया जाता है। ये सभी चीजें शरीर के लिए नुकसानदायक होती हैं।
ऐसे करें नकली पनीर की पहचान
आप घर में भी असली पनीर की पहचान कर सकते हैं। इसका सबसे आसान तरीका है कि इसे हाथों से मसलकर देखें। ऐसा करने पर नकली और मिलावटी पनीर का चूरा बन जाएगा क्योंकि यह पाउडर मिल्क से बनाया जाता है। जबकि असली पनीर ज्यादा सॉफ्ट होता है।