रायगढ़। जिले में सोशल मीडिया में युवती से दोस्ती कर उसे किराये के मकान में ले जाकर शादी करने का झांसा देकर संबंध बनाने और शादी से इंकार करने का मामला सामने आया है। पीडि़ता की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक पीडि़ता ने पुसौर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम केंसरा के रहने वाले युवक श्रीबच्छ भोय 26 साल के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का अपराध दर्ज कराया था। पीडि़ता की शिकायत के बाद पुलिस ने आज आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
फेसबुक के जरिये हुआ परिचय
पीडि़ता ने बताया कि वर्ष 2022 में फेसबुक पर परिचय के बाद आरोपी और युवती के बीच बातचीत शुरू हुई। चौटिंग के दौरान मोबाइल नंबरों का आदान-प्रदान हुआ और उनका रिश्ता गहराता चला गया। 14 फरवरी 2022 को आरोपी ने युवती को शादी का प्रलोभन देकर अपने किराए के कमरे में बुलाया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद, आरोपी ने कई बार युवती का शोषण किया। पीडि़ता ने बताया कि अक्टूबर 2024 में श्रीबच्छ ने शादी करने से इनकार कर किसी अन्य से विवाह तय कर लिया। आरोपी ने इस दौरान युवती को धमकी भी दी कि अगर उसने इस संबंध में किसी को बताया या पुलिस से संपर्क किया, तो उसे जान से मार दिया जाएगा।
आरोपी ने अपराध स्वीकारा
युवती की शिकायत पर चक्रधरनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 69 बीएनएस पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर आरोपी के खिलाफ धारा 64(ड) और 351(3) भी जोड़ी गई। थाना प्रभारी प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम केंसरा में दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में श्रीबच्छ ने अपना अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
फेसबुक फ्रेंड ने शादी का झांसा देकर युवती से किया दुष्कर्म
चक्रधरनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई में आरोपी गिरफ्तार
