रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 13 दिसंबर को छत्तीसगढ़ आएंगे। एक रात वो बस्तर के जगदलपुर में ही बिताएंगे। प्रदेश में नक्सल ऑपरेशन की जानकारी भी लेंगे। वो बस्तर ओलिंपिक के समापन समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद 14 नवंबर की शाम दिल्ली लौट जाएंगे। अमित शाह बस्तर ओलिंपिक में जीत हासिल करने वाले खिलाडिय़ों को सम्मानित करेंगे। सरकार ने बस्तर के युवाओं को स्पोर्ट्स एक्टिविटी से जोडऩे के लिए इसकी शुरुआत की है। छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री विजय शर्मा ने अमित शाह के दौरे को लेकर कहा कि, अमित शाह रायपुर में पुलिस के कार्यक्रम शिरकत करेंगे। इसके बाद बस्तर जाएंगे। दौरे से पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने 3 सवाल पूछे हैं। बैज ने कहा कि, क्या अमित शाह मनपसंद ऐप लॉन्च करने आ रहे हैं? आ ही रहे हैं तो ये भी बताएं क्या नगरनार स्टील प्लांट निजीकरण नहीं होगा? साथ ही बैज ने कहा कि, क्या वह बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर गृहमंत्री विजय शर्मा को बर्खास्त करेंगे? अक्सर प्रदेश में होने वाले एनकाउंटर के दौरान नक्सली जंगलों के रास्ते होते हुए दूसरे प्रदेश आंध्रप्रदेश ओडिशा और झारखंड भाग जाया करते थे। यह नक्सली अब उन प्रदेशों में भी नहीं बचेंगे। इसका इशारा खुद गृहमंत्री विजय शर्मा ने मीडिया से चर्चा में दिया है। उन्होंने कहा कि, रविवार को तेलंगाना के मुलगू जिले में नक्सली मुठभेड़ में 7 नक्सली ढेर हुए हैं। छत्तीसगढ़ में हमारे जवानों के पराक्रम के कारण नक्सली दूसरे राज्यों में पलायन कर रहें हैं, तो वहां भी पूरी तैयारी है। सभी नक्सलियों से आह्वान है कि वे मुख्य धारा से जुड़े। सुख का जीवन जीएं। इसी साल अगस्त में अमित शाह रायपुर आए थे। तब उन्होंने नक्सल हिंसा से प्रभावित सभी राज्यों के ष्ठत्रक्क की बैठक ली थी। रायपुर में ही उन्होंने कहा था कि, मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ और देश से नक्सलवाद खत्म कर दिया जाएगा। शाह के अगस्त में हुए इस दौरे के बाद कई बड़े एनकाउंटर हुए हैं। एक एनकाउंटर में तो 38 नक्सली ढेर हुए हैं। 22 नवंबर को गृहमंत्री विजय शर्मा ने बताया था कि, भाजपा सरकार ने अपने इस कार्यकाल में अब तक 212 नक्सलियों का एनकाउंटर किया है। 212 की संख्या में कभी नक्सली मारे नहीं गए। वर्षों की संख्या मिलकर 200 नहीं हुआ करते थे। मात्र 11 महीने की सुशासन वाली विष्णुदेव सरकार ने 212 नक्सलियों को ढेर किया है। ये सब जवानों के अदम्य साहस और भुजाओं की शक्ति के दम पर हुआ है।