रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और वायनाड लोकसभा सीट प्रत्याशी प्रियंका गांधी के नामांकन में शामिल होंगे। कल यानी मंगलवार को रात 11 बजे वायनाड पहुंचेंगे। 23 अक्टूबर को प्रियंका अपना नामांकन दाखिल करेंगी। इस दौरान राहुल गांधी भी मौजूद रहेंगे। नामांकन के बाद प्रियंका रोड शो भी निकालेंगी। प्रियंका गांधी का ये पहला चुनाव है। वायनाड में उनके नामांकन के साथ-साथ बड़ी जनसभा और रोड़ शो भी होगा। भूपेश बघेल तीनों की कार्यक्रम में शामिल होंगे, बाकी राज्यों के मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री भी इस नामांकन रैली में शामिल होने के लिए वायनाड पहुंचेंगे। भूपेश बघेल प्रियंका गांधी के करीबी माने जाते हैं, चर्चा है दिल्ली में ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री को लेकर विवाद और विरोध के दौरान प्रियंका ही संकट मोचन बनकर आई थी, जिसके बाद बघेल पांच साल तक प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। लोकसभा चुनाव 2024 में राहुल गांधी ने वायनाड और यूपी की रायबरेली लोकसभा सीट से जीत हासिल की थी। उन्होंने गांधी परिवार की पारंपरिक रायबरेली सीट को चुना था और वायनाड छोड़ी थी। चुनाव आयोग ने 15 अक्टूबर की दोपहर को 13 राज्यों की 47 विधानसभा और लोकसभा की 2 सीटों पर उपचुनाव की घोषणा की थी। इनमें केरल की वायनाड और महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट शामिल हैं।केरल की दो विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव है। पार्टी ने दोनों सीटों पर भी उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है।