रायपुर। प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों को साय सरकार ने दिवाली का तोहफा दिया है। महंगाई भत्ता 46 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत करने की घोषणा की है। महंगाई भत्ता 1 अक्टूबर से मिलेगा। प्रदेश में 3 लाख से ज्यादा सरकारी कर्मचारी काम करते हैं।
नवा रायपुर स्थित महानदी भवन में बुधवार को हुई साय कैबिनेट की बैठक में निर्णय लिया गया है कि, प्रदेश में बिकने वाली शराब के लिए होलोग्राम केंद्र सरकार तैयार करेगी। धान खरीदी 14 नवंबर से होगी और राजनीतिक आंदोलन से जुड़ी स्नढ्ढक्र वापस लेंगे। वहीं सरकार ने इमरजेंसी के समय जेल गए और यातनाएं सहने वालों को लोकतंत्र सेनानी का दर्जा दिया है। दिवंगत लोकतंत्र सेनानियों की राजकीय सम्मान के साथ अंत्येष्टि की जाएगी। इसके लिए उनके परिवार को 25 हजार की सहायता राशि मिलेगी।
14 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी
इस बार धान खरीदी 14 नवंबर से शुरू होकर 31 जनवरी 2025 तक चलेगी। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए कृषि विभाग किसान पोर्टल के जरिए रजिस्ट्रेशन करवा रहा है। रजिस्ट्रेशन 31 अक्टूबर तक चलेगा। इस साल सरकार 160 लाख टन धान खरीद सकती है। सभी खरीदी केंद्रों में इलेक्ट्रॉनिक तराजू से ही धान खरीदी होगी। धान खरीदी के लिए 4.02 लाख गठान नए जूट बारदाना की स्वीकृति दी गई है। धान खरीदी के लिए कुल 8 लाख गठान बारदाने की जरूरत होगी। डांटा एंट्री ऑपरेटर को लेकर भी सरकार ने अहम फैसला किया है। इसके तहत सहकारी समिति के आपरेटर्स को 18 हजार 420 रुपए के हिसाब से 12 महीने का मानदेय जारी होगा। इसके तहत 60 करोड़ 54 लाख रुपए जारी किए जाएंगे।
औद्योगिक नीति में स्पेशल पैकेज
कैबिनेट में तय हुआ है कि छत्तीसगढ़ राज्य की औद्योगिक नीति 2019-24 के तहत स्टीन डाउन स्ट्रीम प्रोजेक्ट, एथेनॉल यूनिट, कोर सेक्टर के सीमेंट प्लांट को स्पेशल पैकेज दिया जाएगा। ऐसा प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने के लिए होगा।
पुलिस भर्ती में अधिकतम आयु 45 साल
सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमाण्डर के पद पर भर्ती प्रक्रिया साल 2024 को लेकर तय किया गया है कि अभ्यार्थियों की निर्धारित अधिकतम आयु सीमा में 5 साल की छूट दी जा रही है। सभी छूटों को मिलाकर अधिकतम आयु सीमा 45 साल से अधिक नहीं होगी।
पंचायत करेगी पेयजल की व्यवस्था
अब पंचायत की सामान्य प्रशासन समिति अपने इलाकों में पीने के पानी से जुड़ी सुविधाओं पर काम करेगी। ग्राम सभा के अनुमोदन से जल प्रभार का निर्धारण करने के अलावा नए कनेक्शन का निर्णय, वित्तीय प्रबंधन, मरम्मत, पेयजल गुणवत्ता और शिकायतों का निराकरण करेगी।
केंद्र सरकार बनाएगी होलोग्राम
देशी-विदेशी शराब की अवैध बिक्री पर लगाम कसने साय सरकार शराब की बोतलों पर अधिक सुरक्षात्मक फीचर्स वाले होलोग्राम लगाने जा रही है. इस संबंध में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में नासिक स्थित भारत सरकार के उपक्रम भारत प्रतिभूति मुद्रणालय से होलोग्राम खरीदने का फैसला लिया गया. शराब घोटाले में हुए होलोग्राम के खेल को देखते हुए यह फैसला काफी अहम है.
पंचायत शिक्षक आश्रितों को मिलेगी अनुकंपा नियुक्ति
ऐसे पंचायत शिक्षक जिनका निधन हो चुका है उनके आश्रितों को अनुकम्पा नियुक्ति दी जाएगी। इसे लेकर लंबे समय से आंदोलन हो रहा था। सर्विस के दौरान जिनकी मौत हुई उनके परिजनों को छत्तीसगढ़ शिक्षक (पंचायत) संवर्ग नियम 2018 के आधार पर पात्रता अनुसार अनुकम्पा नियुक्ति दी जाएगी। साय सरकार 49 राजनीतिक आंदोलनों से जुड़ी एफआईआर को वापस लेगी। कैबिनेट में तय किया गया है कि कोर्ट से ये केस वापस लिए जाएंगे।