मुंबई। मुंबई में एनसीपी अजित पवार गुट के नेता और महाराष्ट्र सरकार के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। बांद्रा के खेर वाड़ी सिग्नल के पास उनके बेटे जीशान सिद्दीकी के दफ्तर के बाहर उन पर 2 से 3 गोलियां चलाई गई। उन्हें तुरंत लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक, बाबा सिद्दीकी शनिवार रात करीब 9.15 बजे ऑफिस से निकले थे। जिस वक्त फायरिंग हुई उस वक्त वे अपने दफ्तर के पास पटाखे फोड़ रहे थे। तभी एक कार से तीन लोग बाहर निकले। तीनों ने मुंह पर रूमाल बांधा हुआ था। उन्होंने बाबा सिद्दीकी पर तीन राउंड फायरिंग की।
एक गोली बाबा सिद्दीकी के सहयोगी के पैर में लगी। इसके बाद दूसरी गोली सिद्दीकी को लगी। गोली लगने से बाबा सिद्दीकी गिर पड़े। लोग उन्हें तुरंत लीलावती अस्पताल लेकर गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। खबर यह भी है कि पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में भी लिया है। हमले का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा- दो आरोपी पकड़े गए हैं। इनमें से एक यूपी का है, दूसरा हरियाणा का है। तीसरा आरोपी फरार है। आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। घटना की जानकारी लगते ही डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस अस्पताल पहुंचे। अजित पवार ने भी अपने सारे कार्यक्रम निरस्त कर दिए हैं। वे मुंबई पहुंच रहे हैं।
15 दिन पहले अपनी जान को बताया था खतरा
जानकारी के मुताबिक बाबा सिद्दीकी ने 15 दिन पहले बताया था कि उनकी जान को खतरा है। इस बारे में उपमुख्यमंत्री अजित पवार को बताया गया। इसके बाद केंद्र सरकार की ओर से उन्हें वाई लेवल की सुरक्षा दी गई थी।