जशपुरनगर। जिले के मनोरा विकासखंड मुख्यालय में स्थित आत्मानंद अंग्रेज़ी स्कूल में प्राचार्य के पद पर पदस्थ आर बी निराला को स्कूल से हटाकर दूसरे स्कूल पदस्थ कर दिया गया है। प्राचार्य निराला के विरुध्द में शिक्षिकाओं और छात्राओं ने अशोभनीय व्यवहार किए जाने की शिकायत की थी। प्राचार्य आर बी निराला को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। प्रिंसिपल आर बी निराला पर आरोप लगाया है कि, शिक्षक दिवस के दिन उन्होंने दो छात्राओं को चैंबर में बुलाया और उनसे अश्लील गाने पर डांस कराया।शिक्षिकाओं तथा छात्रों की शिकायत है कि, प्राचार्य निराला ने अक्सर अशोभनीय व्यवहार किया है। जशपुर कलेक्टर रवि मित्तल ने आत्मानंद स्कूल के प्रिंसिपल पद से हटाकर प्रिंसिपल आर बी निराला तो हाईस्कूल गेड़ई पदस्थ किया है। इसके साथ ही कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। नोटिस में उल्लेख है कि, जो शिकायतें मिलीं हैं वे प्रथम दृष्टया सही पाई गई हैं, इसलिए अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित है। कारण बताओ नोटिस में तीन दिन के भीतर जवाब देने के निर्देश उल्लेखित हैं।