जांजगीर-चांपा। जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन और नैला केबिन के बीच शुक्रवार की रात अज्ञात व्यक्ति की लाश मिली। घटना की सूचना मिलने पर आसपास के लोगों ने शव की पहचान की। शव की पहचान नैला के भाजपा नेता शेखर चंदेल के रूप में हुई। शेखर चंदेल, छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल के छोटे भाई थे और काफी समय से राजनीति में सक्रिय थे।
शुक्रवार की रात भाजपा नेता शेखर चंदेल की मौत की खबर फैलने पर पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। इधर, घटना की खबर पाकर बड़ी संख्या में समर्थक और स्थानीय लोग भी घटना स्थल पर पहुंच गए। मृतक शेखर चंदेल के शव का पंचनामा कर देर रात पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल जांजगीर भेजा गया। भाजपा नेता शेखर चंदेल की मौत का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि शेखर चंदेल अपने राइस मिल से रात साढ़े आठ बजे पैदल निकले थे। वे मोबाइल पर चर्चा करते हुए जा रहे थे, जिसके बाद रात लगभग दस बजे ट्रेन से युवक के कटने की सूचना मिली। फिर शर्ट से मृतक की पहचान भाजपा नेता शेखर चंदेल के रूप में हो सकी। उनकी मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने में पुलिस जुट गई है। बता दें कि मृतक शेखर चंदेल, वर्तमान में स्काउट गाइड के जिला मुख्य आयुक्त के पद पर थे। वे जिला पंचायत सदस्य के लिए भी चुनाव लड़ चुके हैं। उनकी मौत की सूचना मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के वक्त रायपुर में थे नारायण चंदेल
भाजपा नेता शेखर चंदेल की लाश मिलने के बाद शहर में शोक का माहौल है और सभी लोग इस घटना से स्तब्ध हैं। मामले में पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल रायपुर में थे, जो रात दो बजे जांजगीर-नैला पहुंचे। वे सीधे जिला अस्पताल पहुंचे, जहां शेखर चंदेल के शव को मच्र्युरी में रखा गया था। रात 2.30 बजे तक एसपी विवेक शुक्ला भी जिला अस्पताल में मौजूद थे। शनिवार की सुबह शव का पोस्टमार्टम किया गया।
अभी तक मौत की स्थिति स्पष्ट नहीं
शनिवार की सुबह मृतक शेखर चंदेल के शव का पोस्टमार्टम हुआ और फिर शव परिजनों को सौंप दिया गया। अभी तक उनकी मौत की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। हालांकि, उनके द्वारा आत्महत्या किए जाने की चर्चा है, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होने की बात कही है। इधर, नैला स्थित मुक्तिधाम में दोपहर में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां परिजनों सहित बड़ी संख्या में अंचल के लोग मौजूद थे। बता दें कि मृतक शेखर चंदेल ने बीते दो सितंबर को अपना जन्मदिन मनाया था।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष चंदेल के छोटे भाई की रेलवे ट्रैक पर मिली लाश
आत्महत्या करने की आशंका, फि लहाल कारण स्पष्ट नहीं, जांच जारी
