बिलासपुर। संरक्षित रेल परिचालन रेलवे प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। संरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने हेतु नियमित रूप से संरक्षा से संबन्धित विभिन्न जागरूकता अभियान चलाये जा रहे हैं। इसके साथ ही मंडल क्षेत्राधिकार के अंतर्गत ड्यूटी के दौरान सजगता एवं सतर्कता के साथ उत्कृष्ट संरक्षित कार्य का निर्वहन करते हुये बेहतर संरक्षा सुनिश्चित करने में सराहनीय योगदान देने वाले संरक्षा प्रहरियों को प्रोत्साहित करने हेतु संरक्षा पुरस्कार भी प्रदान किया जा रहा है। इसी कड़ी में 7 सितंबर को सहायक लोको पायलट रायगढ़ संतोष कुमार ने कार्य के दौरान जामगा स्टेशन के अप लाइन से गुजर रही लाँन्ग हाल गूड्स ट्रेन में हॉट एक्सल को देखा तथा तत्काल इसकी सूचना सर्व संबन्धित अधिकारियों को दिया। इस प्रकार इनकी सजगता एवं सतर्कता से गाड़ी की संरक्षा सुनिश्चित हुई। आज मंडल रेल प्रबंधक सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान मंडल रेल प्रबंधक श्री प्रवीण पाण्डेय ने सहायक लोको पायलट श्री संतोष कुमार को संरक्षा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। मंडल रेल प्रबंधक द्वारा इनकी सजगता भरे कार्य की प्रशंसा की गई तथा प्रोत्साहित किया गया।