रायगढ़। जिले में हाथियों का उत्पात जारी है। हर रात वे जंगल से निकलकर खेतों में पहुंच रहे हैं। फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। बीती रात भी हाथियों ने रायगढ़ और धरमजयगढ़ वनमंडल में 32 किसानों की फसलों को रौंद दिया।
बताया जा रहा है कि धरमजयगढ़ वनमंडल में हाथियों ने बैसी, बनहर, मेढऱामार, कोयलार, शेरवन के साथ ही अन्य गांवों में धान की फसलों को नुकसान पहुंचाया। वहीं रायगढ़ में हाथी पंडरमुड़ा और भैंसगढ़ी में खेतों में घुस गए। सबसे ज्यादा नुकसान रायगढ़ के पंडरमुड़ा में हुआ है।
रात में जब हाथी गांव के पास खेतों में पहुंचे तो वन अमला और ग्रामीण भी सतर्क हो गए और उन्हें जंगल की ओर खदेडऩे के लिए हो-हल्ला मचाया, लेकिन सुबह तक हाथी खेतों में ही रहे और फसलों को नुकसान पहुंचाते रहे।
जिले में 93 हाथी कर रहे विचरण
विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक जिले में कुल 93 हाथी विचरण कर रहे हैं। रायगढ़ वन मंडल में 45 और धरमजयगढ़ वन मंडल में 48 हाथी हैं, जिसमें नर की संख्या 27, मादा 42 और शावक 24 शामिल हैं। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में मुनादी कराई जा रही है। जंगल की ओर नहीं जाने की हिदायत दी जा रही है।
प्रभावित किसानों को दिया जाएगा मुआवजा
धरमजयगढ़ लैलूंगा एसडीओ एमएल सिदार ने बताया कि हाथी काफी संख्या में मौजूद हैं और लगातार इनकी मॉनिटरिंग की जा रही है। हाथी ट्रैकर व हाथी मित्र दल इनकी निगरानी कर रहे हैं। साथ ही जिस ग्रामीण का घर जंगल से लगा हुआ है। उन्हें हाथी आने के बाद पहले घर से निकालकर सुरक्षित स्थान पर ठहराया जाता है। नुकसान का आंकलन किया जा रहा है, जिसके बाद प्रभावित किसान को मुआवजा दिया जाएगा।
शाम ढलते ही खेतों में पहुंच रहे गजराजों का दल
हाथियों ने 32 किसानों की फसलों को रौंदा, दहशत में ग्रामीण
