जशपुरनगर। जिले में एक युवक ने अपने पिता की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि शराब पीने के लिए पिता अपने बेटे और पत्नी से पैसे मांग रहा था। मना करने पर उनके बीच विवाद हो गया और गुस्से में बेटे ने डंडे से वार कर पिता को मार डाला। मामला दोकड़ा चौकी क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, केनाडांड़ चुनदरहा निवासी 48 साल की एक महिला मजदूरी करती है। करीब 20 साल पहले उसके पति की बीमारी से मौत हो गई थी। इसके बाद उसने झारखंड के चैनपुर निवासी प्रदीप टोप्पो से शादी कर ली थी। महिला का पहले पति से एक बेटा महेश राम (25) है।
शराब के लिए पैसे मांगने पर उपजा विवाद
एडिशनल स्क्क अनिल सोनी ने बताया कि, 28 जुलाई की शाम को प्रदीप टोप्पो घर से पैसे लेकर शराब पीने बस्ती की ओर गया था। रात करीब 10.30 बजे के आसपास नशे की हालत में घर लौटा। इसके बाद प्रदीप ने फिर शराब पीने के लिए पत्नी से 300 रुपए मांगे। मना करने पत्नी से झगड़ा करते हुए मारपीट करने लगा। शोर सुनकर बेटा महेश राम पहुंच गया। उसने प्रदीप को रोकने का प्रयास किया। इस पर विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में महेश ने डंडे से प्रदीप के सिर पर 3-4 बार वार कर दिया। इसके चलते प्रदीप खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी तो वो भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया। जांच के बाद शुक्रवार को आरोपी महेश राम (25) को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।