रायपुर। कारोबारी की कार पर फायरिंग के मामले में पुलिस ने पंजाब से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी चमन सिंह के खाते में ही झारखंड से सुपारी के पैसे ट्रांसफर किए गए थे। यही पैसे शूटर्स के खाते में भेजे गए थे। एडवांस रकम मिलने के बाद शूटर्स ने वारदात को अंजाम दिया था। मामले में अब तक 7 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। बताया जा रहा है कि, चमन के खाते में झारखंड से करीब डेढ़ लाख रुपए आए थे। ये फायरिंग के लिए दी गई सुपारी का एडवांस था। इन्हीं पैसों में से कुछ रकम शूटरों को दी गई थी। पैसे वारदात के दिन कुछ घंटे पहले ट्रांसफर किए गए थे। रकम मिलने के बाद शूटर्स कारोबारी के ऑफिस की ओर गए थे।
अमनदीप नहीं खोल रहा मुंह
इस मामले में हरियाणा के सिरसा गैंग के अमनदीप वाल्मीकि को पुलिस ने कोर्ट से और एक दिन की रिमांड पर लिया है। क्राइम ब्रांच की टीम लगातार उससे जानकारी निकलवाने की कोशिश कर रही है। लेकिन वह अपना मुंह नहीं खोल रहा है। ऐसे में पुलिस एक बार फिर रिमांड पर लेने की कोशिश कर रही है ताकि कई और फैक्ट सामने आ सकें।
6 आरोपियों की पहले हो चुकी है गिरफ्तारी
कारोबारी की कार पर फायरिंग के मामले में पुलिस ने 6 लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। हरियाणा और झारखंड से तीन-तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। इसमें हरियाणा का अमनदीप वाल्मीकि पूरी घटना का मास्टरमाइंड है। बाकी 5 आरोपियों ने शूटरों को बाइक और सिम दिलवाई थी। फिलहाल शूटर पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की डिटेल
अमनदीप वाल्मिकी उर्फ अम्मू धोतड़ बस स्टैंड के पास थाना रनिया, जिला- सिरसा, हरियाणा का रहने वाला है। अमन साव गिरोह का सदस्य है। पंजाब के एक और गैंग के लिए भी काम करता है। 23 साल का संदीप यादव, गांव- सेहलतेतर टोली, थाना- घाघरा, जिला- गुमला, झारखंड का रहने वाला है। इसे रिमांड में लेकर रायपुर जेल भेज दिया गया है। 22 साल का शाहिद अंसारी, न्यू आजाद बस्ती लोहर दगा, झारखंड का रहने वाला है। 25 साल का शाहिद अंसारी, आजाद बस्ती पथलकुरवा, थाना- लोवर बाजार, जिला- रांची, झारखंड का रहने वाला है। 22 साल का रवि कुमार सेन, थाना- सदर, जिला- सिरसा, हरियाणा का रहने वाला है। 23 साल का लक्ष्मण दास बाजीगर, सलारपुर, थाना- सदर, जिला- सिरसा, हरियाणा में रहता है।
हरियाणा-झारखंड से ऑपरेट हुआ गोलीकांड
पुलिस ने बताया कि, हरियाणा और झारखंड से पूरे गोलीकांड को ऑपरेट किया गया। आरोपी घटना से पहले और बाद में अलग-अलग कामों से शूटरों से लगातार संपर्क में थे। शूटरों ने रेकी कर उसकी जानकारी भी इन्हें दी थी। पुलिस को अमनदीप के पास से एक पिस्टल भी मिली है।
जानिए क्या है पूरा मामला
13 जुलाई को सुबह करीब 11 बजे पीआरए कंस्ट्रक्शन के मालिक प्रह्लाद राय अग्रवाल महावीर चौक रिंग रोड स्थित अपने ऑफिस पर मौजूद थे। इसी दौरान चेहरे पर कपड़ा लपेटे दो शूटर बाइक से वहां पहुंचे। उन्होंने कारोबारी की कार पर फायरिंग कर दी। पुलिस को आशंका है कि शूटर उत्तर भारत के कुख्यात गैंगस्टर लॉरेस बिश्नोई और झारखंड के गैंगस्टर अमन साहू गैंग से जुड़े हैं। इससे पहले भी कारोबारी प्रह्लाद राय अग्रवाल को मारने पहुंचे 4 शूटरों को पुलिस ने पकड़ा था। यह गैंग इस कंस्ट्रक्शन कंपनी से जुड़े कारोबारियों से झारखंड में चल रहे नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट में लेवी (अवैध पैसों) की मांग कर रहे हैं।