धरमजयगढ़। जिले के धरमजयगढ़ के मुख्य मार्ग पर विभिन्न कंपनी की ट्रकें फ्लाइएस लोड लेकर लगातार दौड़ रही हैं। इनमें से ज्यादातर गाडिय़ां डस्ट उड़ाते हुए नगर में फर्ऱाटे भर रहीं हैं। नतीजतन लोग परेशान है रफ्तार की वजह से क्षेत्र में अनेकों हादसे भी हो चुके हैं। इन्ही गंभीर मुद्दों को लेकर स्थानीय कुछ नेता सडक़ पर उतर गए और विरोध प्रदर्शन किया था। दरअसल, क्षेत्र में भारतमाला सडक़ निर्माण कार्य तेज गति से चल रही है। लिहाजा विभिन्न कंपनी की फ्लाई ऐश लोड ट्रकें सरपट दौड़ रही हैं। इस औद्योगिक राख का उपयोग निर्माण कार्य में किया जा रहा है। शुक्रवार को धरमजयगढ़ पुलिस इस मामले में जनहित के नजरिये से सख़्त हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को सडक़ में चल रही फ्लाई ऐश लोड ट्रकों को एक जगह एकत्रित कर नगर के दशहरा खेल मैदान में रूकवाया और फिर वाहन से जुड़े तमाम दस्तावेज, ओवरलोड, प्रदूषण जैसी तमाम जांच कार्यवाही की गई। वहीं ट्रक चालकों को पुलिस द्वारा रफ्तार को लेकर समझाइश के साथ साथ चेतावनी भी दी गई है।