धरमजयगढ़। जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र में बीते बुधवार को दोपहर अचानक से बेरियर चौक पर फ्लाई ऐश लोड भारी वाहनों को रोक दिया गया। जानकारी के मुताबिक यह अघोषित चक्काजाम भाजयुमो के धरमजयगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष नीलांबर यादव के नेतृत्व में किया गया। बुधवार को नगर के बेरियर चौक पर यकायक फ्लाई ऐश लोड गाडिय़ों को स्थानीय कुछ युवाओं ने रोक दिया। इस मामले की सूचना मिलने पर तहसीलदार भोज कुमार डहरिया, नायब तहसीलदार उज्जवल पांडेय एवं स्थानीय पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंची और हालातों का जायज़ा लिया। कऱीब दो घंटे तक सिर्फ फ्लाई ऐश लोड गाडिय़ों के पहिए थमे रहे। हालांकि इस दौरान रायगढ़ से पत्थलगांव मुख्य मार्ग पर आवागमन प्राभावित नहीं हुआ। इस कवायद को लेकर स्थानीय प्रशासन को विधिवत पूर्व जानकारी नहीं दी गई थी।
उल्लेखनीय है कि इससे कुछ दिनों पूर्व धरमजयगढ़ भाजपा मंडल अध्यक्ष गोकुल नारायण यादव ने इस मुख्य मार्ग पर ओवर लोड और तेज़ गति से फ्लाई ऐश से भरी वाहनों पर प्रतिबंध लगाने की मांग की थी। ऐसा नहीं किए जाने पर अध्यक्ष ने परिणाम भुगतने की चेतावनी तक दी थी। जिसके बाद बुधवार को स्थानीय भाजयुमो अध्यक्ष के नेतृत्व में औद्योगिक राख से भरी वाहनों को रोक दिया गया। हालांकि इस दौरान गोकुल यादव वहां मौजूद नहीं रहे।
इस दौरान रोड पर एकतरफा भारी वाहनों की लाइन लग गई। तहसीलदार ने गाडिय़ों के कागज़ात चेक कर परिवहन कर्ता ठेकेदार से फ़ोन पर बात की और ठेकेदार से इस मामले पर अधिक जानकारी ली। बता दें कि भारतमाला रोड परियोजना के निर्माण कार्य के लिए इस मार्ग पर ट्रेलर और डंफर जैसे भारी वाहनों के तेज रफ्तार से गुजरने के कारण स्थानीय लोगों को काफ़ी परेशानियों का सामना करना पड़ता है और इससे दुर्घटना की संभावनाओं को भी बल मिलता है। बुधवार को हुए इस अल्पकालिक प्रदर्शन को लेकर तहसीलदार द्वारा उच्चाधिकारियों से मार्गदर्शन लेकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
भाजयुमो ब्लॉक अध्यक्ष ने फ्लाई ऐश से भरी वाहनों को रोका
नगर के बेरियर चौक पर किया अघोषित प्रदर्शन, प्रशासन ने दिया आश्वासन
