बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में सतानमी समुदाय के प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा में पुलिस ने मंगलवार को 7 अलग-अलग एफआईआर दर्ज की है। इस मामले में अब तक 200 आरोपियों को गिरफ्तार हो चुकी है। उपद्रवियों की तलाश के लिए पुलिस की 12 टीमें बनाई गई हैं। सीसीटीपी फुटेज के जरिए टीमें अलग-अलग जिलों में भेजी गई हैं।
दूसरी ओर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पूरी घटना को लेकर काफी नाराज हैं। मंगलवार को मीटिंग में सीएम ने अधिकारियों से कहा कि इतनी बड़ी घटना हो गई आप लोगों तक जानकारी कैसे नहीं पहुंची? क्यों बैकअप नहीं रखा गया? बैठक में गृहमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि अफसरों पर कार्रवाई हो सकती है। वहीं कांग्रेस ने भी जांच के लिए 7 सदस्यीय समिति का गठन किया है।
उपद्रवियों ने 75 बाइक, 20 कार और 2 दमकल वाहन को आग के हवाले कर दिया गया। लोगों ने कलेक्ट्रेट में खड़ी गाडिय़ों में तोडफ़ोड़ की। इसके बाद कुछ लोगों ने कलेक्ट्रेट में आगजनी की। इससे कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर खाक हो गए। कलेक्टर कार्यालय के सामने स्थित ध्वजारोहण के पोल पर सफेद रंग का ध्वज लगा दिया था। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई। इसमें पुलिसकर्मियों सहित कुछ लोग भी घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद डिप्टी सीएम विजय शर्मा सोमवार देर रात घटनास्थल पहुंचकर मौके का जायजा लिया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उपद्रवियों की गिरफ्तारी के आदेश जारी कर दिए हैं।
संयुक्त कार्यालय भवन में कल से शुरू होगा काम
कलेक्टर केएल चौहान ने बताया की घटना के संबंध में लगातार राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक चल रही है। संयुक्त कार्यालय भवन में मिलने वाली सेवाओं को कल (बुधवार) से बहाल कर दिया जाएगा। आज साफ-सफाई का काम कराया जा रहा है। पूरी घटना में हुए नुकसान को लेकर कलेक्टर ने कहा की एनडीआरएफ की टीम जांच में जुटी हुई है। अभी आकलन चल रहा है। राज्य के उच्चाधिकारी भी जांच कर रहें है। प्रदर्शनकारियों से लगातार टीम बातचीत कर रही थी। इसके बाद भी उपद्रव हुआ। वहीं एसपी सदानंद कुमार ने बताया कि, घटना से संबंधित मिले वीडियो-फोटो के आधार पर आरोपियों तक पहुंचा जा रहा है।
कांग्रेस ने जांच के लिए 7 सदस्यीय समिति बनाई
बलौदाबाजार की घटना को लेकर कांग्रेस ने 7 सदस्यीय जांच समिति बनाई है। समिति इसकी रिपोर्ट पीसीसी को सौंपेगी। इस समिति में पूर्व मंत्री और धर्मगुरु रुद्र कुमार, विधायक संदीप साहू, जनक राम ध्रुव, पद्मा मनहर, शैलेष नितिन त्रिवेदी और जिलाध्यक्ष हितेंद्र ठाकुर शामिल हैं। समिति का संयोजक पूर्व मंत्री शिव कुमार डहरिया को बनाया गया है।
जैतखाम तोडऩे से नाराज है समाज
जानकारी के मुताबिक, 15 मई की देर रात सतनामी समुदाय के धार्मिक स्थल गिरौदपुरी धाम से करीब 5 किमी मानाकोनी बस्ती स्थित बाघिन गुफा में लगे धार्मिक चिन्ह जैतखाम को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। जैतखाम तोड़े जाने के विरोध में समाज के हजारों लोग कलेक्ट्रेट के पास मौजूद दशहरा मैदान में कई दिन से प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस ने इस मामले में 3 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लोगों का आरोप है कि पकड़े गए लोग असली आरोपी नहीं हैं और पुलिस दोषियों को बचा रही है। सोमवार को प्रदर्शन के दौरान लोग इसी बात को लेकर उग्र हो गए। इसके बाद हालात बिगड़ते चले गए।