रायपुर। मेयर एजाज ढेबर ने भाजपा पार्षद दल के हंगामे और इस्तीफे की मांग पर कहा- ये मुझसे 5 साल से इस्तीफा मांग रहे हैं, सबसे बड़ी बात यह कि मैंने जो बयान दिया उसको गलत तरीके से पेश किया गया। मैं उस बयान पर कायम हूं की सफाई की समस्या, पानी की समस्या लगातार रहेगी। बीजेपी इसपर राजनीति कर रही है। एजाज ढेबर ने कहा था कि शहर की समस्याओं का निदान पीएम नरेंद्र मोदी भी नहीं कर सकते। इस बयान के बाद वे भाजपा के निशाने पर हैं। डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि ढेबर अगर मेयर की जिम्मेदारी नहीं संभाल सकते तो उन्हें पद पर बने रहने का अधिकार नहीं है। वहीं भाजपा पार्षद मेयर के बयान के बाद निगम का घेराव करने पहुंचे। दूसरी ओर सोशल मीडिया पर भी मेयर ढेबर को ट्रोल किया जा रहा है। लिखा है कि, महापौर जी अपनी कुर्सी किसी भाजपा पार्षद को दे दीजिए। अमित चिमनानी ने लिखा- ये बयान रायपुर की जनता के साथ हुए धोखे का प्रमाण है। दरअसल, महापौर ढेबर मंगलवार को शहर की समस्याओं को लेकर अफसरों की बैठक ले रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि, वार्डों में जो समस्या है, वह मेरे ख्याल से अगर यहां पर पीएम साहब को भी बैठा देंगे तो भी यह परेशानी रहेगी ही। उन्होंने कहा कि यह अनवरत है। आपको मानना पड़ेगा कि पानी, साफ-सफाई, लाइट यह समस्या अनवरत रहेगी। इसको कोई खत्म नहीं कर सकता।
मैं दावे से बोल सकता हूं। यह समस्याएं खत्म होंगी तो नगर निगम के डिपार्टमेंट ही खत्म हो जाएंगे। लोगों के जन्म से लेकर मरण तक के काम नगर निगम करता है। आपको यह बात माननी पड़ेगी कि यह अनवरत है। यह नहीं बोल सकते कि हंड्रेड परसेंट सब काम पूरे हो जाएंगे। यह समस्या नगर निगम में कभी खत्म नहीं हो सकती।
डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि, रायपुर के निर्वाचित महापौर ने पांच साल तक जनता के साथ अन्याय किया है। जो बयान उनका निगम के कार्यों को लेकर आया है, इससे स्पष्ट है वो 4.5 वर्ष से इसी नकारात्मकता से काम कर रहे हैं। इसीलिए राजधानी की जनता ठगा महसूस करती रही है। इस प्रकार से एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि का बयान अत्यंत दुर्भाग्यजनक है। वो जिम्मेदारी नहीं संभाल पा रहे हैं तो उन्हें उस पद पर बने रहने का अधिकार नहीं है।
कांग्रेस में न दूल्हा है, न बाराती
लोकसभा चुनावों को लेकर साव ने कहा कि, कांग्रेस इस बार शून्य में आउट होने वाली है। 11 की 11 सीटें भारतीय जनता पार्टी जीतने वाली है। पूर्व सीएम भूपेश बघेल के रायबरेली में दिए बयान कि आप प्रधानमंत्री के लिए वोट कीजिए। इस पर साव ने कहा कि, कांग्रेस में ना दूल्हा है ना बाराती है। बाराती छोडक़र भाग गए हैं। कांग्रेस के प्रत्याशी अपना नाम वापस ले रहे हैं। किसी राजनीतिक दल की इससे दुर्गति और क्या हो सकती है। ये पार्टी समाप्ति की ओर बढ़ रही है। कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष बनाने की स्थित में नहीं है, प्रधानमंत्री बनाना तो दूर की बात है।
पीएम भी शहर की समस्या दूर नहीं कर सकते : मेयर ढेबर
निगम का बीजेपी पार्षदों ने किया घेराव, साव बोले-मेयर को पद पर रहने का अधिकार नहीं
