रायपुर/गुमला। झारखंड के लोगों को जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन की सरकार ने खूब भरमाया। हमेशा यही भ्रम फैलाते हैं कि मोदी जी और भाजपा सरकार आई तो यहाँ के जल, जंगल, जमीन को लूट लेगी। जबकि पूरे झारखंडवासियों को पता है कि यहाँ के जमीन को लूटने वाला एक मात्र आदमी यहाँ के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हैं। झारखंड के लिए दुर्भाग्य की बात है कि आज यहाँ के पूर्व मुख्यमंत्री जमीन लूटने के मामले में, माइंस के लिए जमीन लेने के मामले में जेल में हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का चुनाव प्रचार अभियान जोरों पर है। ओडिशा में लगातार दो दिन धुआंधार चुनाव प्रचार के बाद आज झारखंड में 3 जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर, सिमडेगा जिले के कुरडेग और गुमला जिले के चैनपुर में सभा कर भाजपा प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे।
जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन सरकार को घेरते हुए श्री साय ने कहा कि झारखंड की धरती खनिज संसाधन, वन संसाधन, उपजाऊ मिट्टी से भरपूर है। झारखंड में आयरन ओर का सबसे बड़ा डिपो है। लेकिन झारखंड की गठबंधन सरकार ने यहाँ के बेटे-बेटियों के भविष्य की बिल्कुल भी चिंता नहीं की। यहाँ के लाखों युवाओं को रोजगार देने की जगह संसाधनों को जमकर लूटा। ऐसे लोगों से सचेत रहना है, लोकसभा चुनाव में इनको सबक सिखाना है।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस ने देश में 55-60 वर्षों तक एक छत्र राज किया और अनेकों राज्यों में वर्षों-वर्षों तक राज किया। लेकिन लूट-लूट कर देश को खोखला करने का काम किया। कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार की जननी है। कांग्रेस के शासनकाल में जितने भी प्रधानमंत्री हुए लगभग सबके ऊपर कोई न कोई घोटाले का आरोप है। राजीव गांधी पर बोफोर्स घोटाला जैसा बड़ा आरोप है।
झारखंड का दुर्भाग्य कि यहां के पूर्व मुख्यमंत्री जमीन लूटने के मामले में जेल में : विष्णु देव
