रायपुर/कोरापुट/नवरंगपुर। छत्तीसगढ़ का चुनाव खत्म होने के बाद सीएम साय अब देश भर में भाजपा के स्टार प्रचारक की भूमिका में है। आज वे उड़ीसा के कोरापुट और नवरंगपुर जिले में चुनाव प्रचार में पहुंचे और सभाओं को संबोधित किया।
यहां मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि ओडिशा ही नही पूरे देश में जनता का विश्वास मोदी जी और बीजेपी के प्रति बढ़ा है। मोदी जी ने अपने 10 वर्ष के कार्यकाल में देश के गांव, गरीब, किसान, मजदूर सहित 140 करोड़ भारतवासियों को अपना परिवार मानते हुए सबके लिए काम किया। चाहे पक्का मकान देने का मामला हो, चाहे माताओं-बहनों को धुएं से मुक्ति के लिए गैस सिलेंडर देने की बात हो, महिला सम्मान से जुड़े शौचालय देने का विषय हो। नरेंद्र मोदी ने सभी वर्ग के लिए काम किया है, चाहे जनधन खाते खोलने की बात हो या घर-घर निर्बाध बिजली और स्वच्छ पानी पहुंचाने की बात हो। हर क्षेत्र में मोदी जी ने उत्कृष्ट कार्य किया है।जिससे निश्चित रूप से ओडिशा की जनता भी प्रभावित है और आने वाले लोकसभा व विधानसभा के चुनाव में निश्चित ही भारतीय जनता पार्टी जीतेगी।
पीएम मोदी ने सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास-सबका प्रयास को मूलमंत्र मानते हुए सबका विकास किया, सबको समृद्ध बनाया। उन्होंने पूरी दुनिया में भारत का मान-सम्मान बढ़ाया, भारत का डंका बजाया। मोदी जी ने अपनी दूरदृष्टि से भारत को आर्थिक स्थिति की दृष्टि से 11वें स्थान से 5वें स्थान पर लाया। उन्होंने कहा कि हमें विकसित भारत बनाना है इसलिए मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना जरूरी है। ये चुनाव मोदी जी के नेतृत्व में भारत 2029 तक दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक शक्ति बने इसका चुनाव है।
ओडिशा की आदिवासी बेटी को मोदी ने बनाया राष्ट्रपति
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और बीजद ने आदिवासियों का कोई विकास नहीं किया। उसे केवल बंधुआ मजदूर समझा, वोट बैंक समझा। जबकि भाजपा ने आदिवासियों का भरपूर सम्मान किया, कर रही है और आगे भी करेगी। उन्होंने कहा कि हमारे छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता श्रद्धेय अटल जी ने आदिवासियों के हित के लिए अलग से आदिम जाति कल्याण मंत्रालय बनाया, जहाँ आदिवासी मंत्री पदभार संभालते हैं और बजट की कोई कमी नहीं होती है।
आज आपके ओडिशा की एक आदिवासी परिवार की बेटी, बहन द्रौपदी मुर्मू जी देश की राष्ट्रपति हैं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री का दायित्व नरेंद्र मोदी जी ने मुझे सौंपा है। इसलिए हम कह सकते हैं कि आदिवासियों का हित भाजपा में ही सम्भव है। क्योंकि भाजपा में लोकतंत्र है, कार्यकर्ताओं का सम्मान है। जबकि अन्य पार्टियों में परिवारवाद है, अयोग्य लोग ही पार्टी में अपना प्रभुत्व चला रहे हैं।