जांजगीर-चांपा। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ही नहीं, समूची कांग्रेस को हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से न केवल संविधान का पाठ पढऩे की जरूरत है, बल्कि आपस में झगडक़र पार्टी को बिखराव की कगार में पहुंचा चुके कांग्रेस के इन नेताओं को राजनीतिक सूझबूझ, पार्टी संचालन, नेतृत्व क्षमता जैसे पाठ भी मोदी जी से पढऩे की जरूरत है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मोदी जी को गाली देना, अपशब्द कहना कांग्रेसियों की परंपरा बन चुकी है। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने भी इसी परंपरा का निर्वाह किया है। दरअसल, डॉ. महंत भी चांदी का चम्मच मुंह में लेकर पैदा हुए हैं। बचपन से ठाठ-बाट के आदी डॉ. महंत यह पचा नहीं पा रहे कि एक चाय बेचने वाले ने कैसे देश का प्रधानमंत्री बनकर पूरे दस साल तक न केवल शासन किया बल्कि, कभी देश की सबसे बड़ी पार्टी रह चुकी कांग्रेस को इस बार लोकसभा चुनाव में मुकाबले के लायक भी नहीं छोड़ा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि वे मोदी जी पर अनर्गल टिप्पणी करने से बचें और पढ़े लिखे डॉ. महंत पहले सामंती सोच से बाहर निकलें और देखें कि प्रदेश और देश में वे और उनकी पार्टी कहां खड़ी है। उन्होंने आगे कहा कि आपकी पार्टी के शहजादे और शहजादी, जिनके इशारे पर आप झाडू लगाने और पोछा लगाने को तैयार रहते हैं, उत्तर प्रदेश में अपनी पारंपरिक सीटों पर चुनाव लडऩे से घबरा रहे हैं। पार्टी पूरी तरह बिखर गई है। समझदार नेता पार्टी छोडक़र जा रहे हैं, जो बचे हैं, वे वामपंथी सोच की गिरफ्त में हैं और आपस में लड़-भिडक़र पार्टी की स्थिति और खराब कर रहे हैं।
मोदी जी की शिक्षा को लेकर दुष्प्रचार न करें डॉ. महंत
मोदी जी की शिक्षा को लेकर डॉ. महंत के बयान को दुष्प्रचार बताते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा है कि डॉ. महंत की यह टिप्पणी पूरी तरह गलत है। मोदी जी ने बनारस में दाखिल किए अपने पर्चे में अपनी शिक्षा का पूरा विवरण दिया है। यह चुनाव आयोग की वेबसाइट में उपलब्ध है, जिसे कोई भी व्यक्ति देखकर संतुष्ट हो सकता है।
देश और दुनिया को गर्व है मोदी जी पर
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा के साथ देश लगातार तरक्की कर रहा है। भाजपा आज देश ही नहीं, बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। देश के 17 राज्यों में भाजपा की सरकार है। वहीं मोदी जी के नेतृत्व में लगातार दस वर्षों से भाजपा ने देश की बागडोर संभाल रखी है। इस लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और इंडी गठबंधन की स्थिति किसी से छुपी नहीं है। इस बार 400 पार के नारे के साथ फिर से हम देश में सरकार बनाने जा रहे हैं। ऐसे व्यक्तित्व से आप शिक्षा नहीं लेना चाहते तो मत लीजिए। महंत जी आपके मानने-न मानने से कुछ नहीं होगा।
वामपंथी सोच की गिरफ्त में आकर बर्बाद हो रही समूची कांग्रेस : शर्मा
कहा-मोदीजी को गाली देना, अपशब्द कहना बन चुकी है कांग्रेसियों की परंपरा, कहा-अपनी सामंती सोच से बाहर आएं नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत
