रायपुर। लोकसभा चुनाव के बीच राजधानी रायपुर के चंगारोभाठा के सत्यम विहार कॉलोनी के रहवासियों ने चुनाव बहिष्कार का ऐलान किया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि वे लंबे समय से इलाके की कई समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन किसी भी नेता या जनप्रतिनिधि ने इस ओर ध्यान नही दिया है। अब वह रोड नहीं तो वोट नहीं, नाली नहीं तो वोट नहीं कह रहे हैं।
वार्ड के रहने वाले आनंद देवांगन ने बताया कि कॉलोनी बने कई साल हो चुके हैं। पिछले 4 साल से कॉलोनी की सडक़ें खराब हैं। इसके लिए कॉलोनीवासी कई बार पार्षद से लेकर विधायक को अवगत करा चुके हैं। सडक़ नवीनीकरण के लिए मांग कर चुके हैं, लेकिन आज तक सडक़ नहीं बनी है। सत्यम विहार कॉलोनीवासियों ने लोकसभा चुनाव का बहिष्कार का बैनर कॉलोनी के बाहर लगा दिया है। लोगों का कहना है कि खराब सडक़ और नाली निर्माण नहीं होने से रहवासी लंबे समय से समस्या से जूझ रहे हैं। विधानसभा चुनाव के समय भी कई वादे किए गए थे कि निर्माण किया जाएगा, लेकिन नहीं हुआ। कॉलोनी के राजेश वर्मा ने कहा कि खराब सडक़ होने के कारण आए दिन यहां लोग हादसे का शिकार होते हैं। कई लोगों को गंभीर चोटें आने के कारण अस्पताल में भर्ती तक होना पड़ा है। श्याम कीर्तन यादव ने कहा कि लोगों ने बताया कि चुनाव बहिष्कार का बैनर टांगने के पीछे उनका उद्देश्य यही है कि सालों से लंबित पड़ी उनकी मांगों को राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ नगर निगम और जिला प्रशासन संज्ञान लेवे। स्थानीय लोगों का कहना है कि राजधानी में होने के बाद भी सत्यम विहार कॉलोनी काफी पिछड़ी हुई है। कॉलोनी के अधिकांश लोगों का कहना है कि जब तक उनकी समस्या से निजात नहीं मिल जाता, वे 7 मई को होने वाले रायपुर लोकसभा चुनाव में अपनी भागीदारी नहीं निभाएगे। कालोनीवासियों ने बताया कि सभी ने सर्वसम्मति से चुनाव बहिष्कार का निर्णय लिया है। हमारी मांगें हैं कि जब तक हमारा काम नहीं होगा हम वोट नही करेंगे। रायपुर लोकसभा चुनाव की ताजा खबरें पढऩे के लिए दैनिक भास्कर ऐप डाउनलोड करें। इस लोकसभा सीट पर क्या हैं जनता के मुद्दे और क्या है चुनावी हवा। चुनाव का सबसे सटीक और डीटेल एनालिसिस।
रायपुर के सत्यम विहार कॉलोनी वालों का हल्ला-बोल
सडक़, नाले की समस्या पर चुनाव बहिष्कार, रोड नहीं तो वोट नहीं
