रायगढ़। जिले में फ्लाई ऐश ईंटों के उपयोग को लेकर तमाम कवायदों के बाद भी क्षेत्र में लाल ईंटों के अवैध निर्माण कार्य जोरों पर है। कुछ लोग धड़ल्ले से लाल ईंट भट्टा लगा कर अवैध निर्माण कर रहे हैं। ऐसा नहीं है कि इस बात की जानकारी जिम्मेदारों को नहीं है लेकिन शायद मसला यह है कि चुनाव को लेकर काम का बोझ इतना अधिक है कि उन्हें इस तरह के मामलों की जानकारी ही नहीं है। बड़ी संख्या में लाल ईंट भट्टा लगाए जाने के इस मामले में मैदानी अमला कुछ कर पाने में मानो असमर्थ नजर आ रहा है। यह पूरा मामला धरमजयगढ़ तहसील क्षेत्र अंतर्गत आने वाले कांजी नाला बस्ती का है। जहां ईंट निर्माण कराया जा रहा है। बता दें कि इस तरह से ईंट बनाए जाने के लिए नियम कानून तय किए गए हैं। लेकिन पटवारी हल्का 56 में यह काम बेखौफ होकर किया जा रहा है।
मामले की जांच होगी : तहसीलदार
इस पूरे मामले में धरमजयगढ़ तहसीलदार ने बताया कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि 50 हजार ईंट निर्माण कार्य के लिए विभाग द्वारा अनुमति दी जाती है। अधिकारी ने कहा कि अनियमितता पाए जाने पर प्रावधानों के अनुसार विधि सम्मत कार्यवाही की जायेगी।
धड़ल्ले से चल रहा ईंट निर्माण कार्य, अधिकारी अनजान
