जशपुर। जंगली हाथी के हमले से एक ग्रामीण की मौत हो गई। ग्रामीण अपने चार साथियों के साथ लकड़ी लाने जंगल गया था। इसी दौरान जंगली हाथी से उसका सामना हो गया। बताया जा रहा है कि सभी ने जगल में शराब पिया था, वहीं अवैध तरीके से लकड़ी काटने गए हुए थे। घटना जिले के फरसाबहार थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान अमीर एक्का के रुप में हुई है। वह ग्राम डोंगा दरहा का रहने वाला है। अमीर एक्का गांव के ही अन्य 4 साथियों के साथ जंगल से लकड़ी काटने अम्बाकछार जंगल गया था। इस दौरान रायगढ़ के लैलूंगा से जंगली हाथी अम्बाकछार पहुंच गया। जंगल में लकड़ी काट रहे ग्रामीणों की नजर जैसे ही हाथी पर पड़ी सभी भाग खड़े हुए। वहीं अमीर एक्का समय रहते मौके से भाग नहीं पाया और जंगली हाथी की चपेट में आ गया। बताया यह भी जा रहा है कि जंगल मे लकड़ी काटने के दौरान ग्रामीणों ने शराब का भी सेवन किया था और शराब के नशे में होने के कारण मृतक भाग नहीं पाया।
4 दल में 25 हाथी विचरण कर रहे
इस मामले में अवैध तरीके से काटी गई लकड़ी और तीन मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। वहीं मृतक के परिजनों को तत्काल सहायता राशि दे दी गई है और आगे कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले के पत्थलगांव, कांसाबेल और तपकरा क्षेत्र में 4 दल में 25 हाथी विचरण कर रहे हैं। इन हाथियों की गतिविधियों को लेकर जंगल के समीप वाले रिहायशी इलाकों में लगातार सचेत किया जा रहा है। इसके बाद भी ग्रामीण हाथियों के समीप पहुंच जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि हाथी के संबंध में वन विभाग ने पहले ही अलर्ट जारी कर दिया था।
हाथी के हमले से ग्रामीण की मौत, नशे के कारण नहीं भाग सका मृतक
