रायपुर। छत्तीसगढ़ के लोकसभा चुनाव में राजनांदगांव सीट पर मुकाबला बेहद दिलचस्प होने वाला है। यहां मौजूदा सांसद संतोष पांडे को एक बार फिर से भाजपा ने उतारा है। उनके सामने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। दोनों के बीच सोशल मीडिया अकाउंट पर तीखी नोक-झोंक देखने को मिली है। भूपेश बघेल इन दिनों राजनांदगांव के दौरे पर हैं। उन्होंने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा- कहावत है कि ‘संतोष’ का फल मीठा होता है। लेकिन राजनांदगांव की जनता कह रही है कि ‘संतोष’ का कुछ फल ही नहीं मिला। ‘संतोष’ के खिलाफ भारी ‘असंतोष’ है यहां तो।
सांसद ने किया पलटवार
सांसद संतोष पांडे भी जवाब देने में पीछे नहीं रहे। उन्होंने पिछली विधानसभा की हार याद दिलाते हुए लिखा कि फल तो जनता ह चखा दिस कका आप मन ला। मोदी के मार्गदर्शन में राजनांदगांव लोकसभा ने जितनी उपलब्धि हासिल की है उसे जनता जानती है। आपके शासन में केवल सामाजिक सौहार्द बिगाड़ा गया। विकास कार्यों में रुकावट पैदा की। हिंसा-अपराध को बढ़ावा दिया। ये है आपकी उपलब्धि!
राजनांदगांव से भूपेश बघेल क्यों ?
राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र में आने वाली विधानसभा सीटों के हिसाब से कांग्रेस के लिए ये मजबूत सीट है। भूपेश बघेल कांग्रेस सरकार में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रहे हैं, जो ओबीसी वर्ग से आते हैं और राजनांदगांव ओबीसी बाहुल्य क्षेत्र है। यहां से बीजेपी ने सामान्य जाति के उम्मीदवार संतोष पांडेय को मैदान में उतारा है, जो इस समय इस सीट से मौजूदा सांसद भी हैं। जातिगत समीकरण और भूपेश की लोकप्रियता को भुनाने के लिए कांग्रेस राजनांदगांव से बघेल को उम्मीदवार बनाया है।
पिछले चुनाव का रिजल्ट
पिछली बार हुए लोकसभा चुनाव में टक्कर भाजपा और कांग्रेस के बीच थी। राजनांदगांव लोकसभा सीट पर भाजपा के संतोष पांडेय ने कांग्रेस के भोला राम साहू को 111966 वोटों से हरा दिया था। इसके बाद से संतोष पांडे धर्मांतरण, हिंदुत्व से जुड़े अभियानों को इलाके में तेज करते रहे इस वजह से इनका अधिक प्रभाव है। भाजपा ने इन्हें रिपीट किया है।
राजनांदगांव जीतने में जुटे भूपेश
वहीं, भूपेश बघेल राजनांदगांव में लगातार बैठक कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में लिखा है कि किसानों को 2016-17 और 2017-18 का बोनस देंगे, लेकिन किसानों से धोखा कर 2014-15 और 2015-16 का बोनस दिया। क्योंकि इन दोनों साल में अकाल पड़ा था, फसलें कम हुई थी। भाजपा की गारंटी केवल और केवल धोखा है। आप सभी का जोश और उत्साह बता रहा है कि इस बार राजनांदगांव लोकसभा में हम भाजपा को उखाड़ फेंकेंगे।
संतोष ने तेज किया अभियान
सांसद संतोष पांडेय ने आचार संहिता से पहले कई लोकार्पण शिलान्यास में लगे हैं। कबीरधाम जिले के बोड़ला ब्लॉक के ग्राम दुर्जनपुर में प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत स्वीकृत 2 करोड़ 80 लाख 61 हजार की लागत से निर्मित होने वाले दुर्जनपुर से घाटमुंडा सडक़। 1 करोड़ 5 लाख 46 हजार की लागत से निर्मित होने वाले इंद्रीपानी से लालमाटी सडक़ निर्माण और 91 लाख 45 हजार की लागत से निर्मित होने वाले दुर्जनपुर से बैगापारा सडक़ निर्माण कार्य का क्षेत्रवासियों के साथ भूमिपूजन किया।
सीएम ने पहुंचकर दी नई सुविधाएं
राजनांदगांव सीट पर पकड़ मजबूत करने गुरुवार को ष्टरू साय की सभा आयोजित हुई। मुख्यमंत्री विष्णु देव ने मोहला में आयोजित विकसित भारत- विकसित छत्तीसगढ़ कार्यक्रम में 41 करोड़ 83 लाख 23 हजार रुपये के 66 विकास कार्यों का भूमिपूजन और 4 करोड़ 99 लाख 89 हजार रुपये के 49 विकास कार्यों का लोकार्पण किया।
सोशल मीडिया पर भिड़े पूर्व सीएम और सांसद
भूपेश ने लिखा- संतोष का फल नहीं मिला, सांसद बोले- फल तो जनता चखा दिस कका
