रायगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवाह्न पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा प्रतिवर्ष नेहरू युवा केंद्र संगठन के माध्यम से ग्रामीण युवाओं में नेत्तृत्व क्षमता को बढ़ाने के उद्देश्य हेतु 15 से 29 आयु वर्ग के युवाओं के लिए जिला स्तरीय आस पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम का अयोजन किया जाता है, इसी कड़ी में नेहरू युवा केंद्र रायगढ़ द्वारा केरियर कॉलेज ऑफ़ एडुकॉम एकेडमी के संयुक्त तत्वावधान तथा जिला युवा अधिकारी चंद्रभूषण चौबे के निर्देशन और नर्सिंग कॉलेज के उप प्राचार्य ईश्वर नाग के मार्गदर्शन में 02 मार्च शनिवार को केरियर कॉलेज ऑफ़ फार्मेसी रायगढ़ के सभागार में जिला स्तरीय पड़ोस युवा संसद का अयोजन किया गया जिसमे जिले भर से 400 से भी अधिक युवाओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान युवा छात्र छात्राओं द्वारा छत्तीसगढ़ी लोक पारंपरिक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति भी दी गई।
कार्यक्रम तीन चरणों में सम्पन्न हुआ, जिसके प्रथम सत्र में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष निराकार पटेल, विशिष्ठ अतिथि जिले के प्रतिष्ठित कलाविद मनोज श्रीवास्तव और नेहरू युवा केंद्र के पूर्व उपनिदेशक बलबीर शर्मा द्वारा स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अतिथियों के स्वागत उपरांत युवाओं की विचार अभिव्यक्ति का क्रम प्रारंभ हुआ जिसमें रेणुका भोय, अमित, कमल, लीना साहु और हेमा पटेल ने नारी सशक्तिकरण, गरीब कल्याण और वोकल फॉर लोकल जैसे विषयों पर अपने अपने विचार रखे। इसके बाद कार्यक्रम में मुख्य वक्ताओं की भूमिका निभा रहे राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला संगठक भोजराम पटेल, करियर कॉलेज के प्राचार्य श्यामलाल श्रीवास, और उप प्राचार्य ईश्वरा नाग ने भी क्रमश: नया भारत नई विजन 2047, पीएम गरीब कल्याण योजना और श्री अन्न मिलेट्स जैसे विषयों पर अपने उद्बोधन के माध्यम से युवाओं को जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम का बेहतरीन संचालन युवा वक्ता वालेन्टीयर नवीन कुमार दुबे द्वारा किया गया जिसकी प्रशंसा सभी ने की।
मॉक संसद का किया गया मंचन
नेहरू युवा केंद्र और माय भारत के स्वयंसेवकों द्वारा नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 के मुद्दे पर युवा संसद का नाटकीय मंचन किया गया जिसमें सत्तापक्ष और विपक्ष की भूमिका निभा रहे युवाओं ने अपने अपने मत रखे सत्ता पक्ष से प्रधानमंत्री प्रतिक प्रधान, सांसद सदस्य खेमराज पटेल, पूर्णिमा सिदार, हिमांशु, आरती, धीरज पटेल तथा विपक्ष से नेता प्रतिपक्ष सुशांत पटनायक, सांसद सदस्य हिना, साक्षी, जाकिर, दिव्या और साथी रहे, सदन के अध्यक्ष नवीन कुमार दुबे, महासचिव पूनम पटेल और दरबान की भूमिका आलोक रंजन ने निभाई।
नए भारत के विजन 2047 को प्राप्त करने में युवाओं की भूमिका सबसे अहम : भोजराम पटेल
कार्यक्रम में आमंत्रित मुख्य वक्ता भोजराम पटेल ने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के कंधो पर टिका होता है और 2047 तक भारत को विकसित बनाने के विजन में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। युवा अपनी प्रतिभा का उपयोग राष्ट्र हित को केन्द्र मे रखकर करें और भारत को विकसिति देशों में शामिल करने हेतु सर्मिपत रहें। श्री पटेल ने कहा कि आज भारत सामाजिक आर्थिक राजनीतिक और अनुसंधान तथा विज्ञान सभी क्षेत्र में अपनी उपलब्धियों से विश्वस्तर पर अपनी स्थान और पहचान बना रहा है।
पीएम गरीब कल्याण योजना देश की गरीबों के लिए वरदान है : एस.एल.श्रीवास
करियर कॉलेज के प्राचार्य श्यामलाल श्रीवास ने पीएम गरीब कल्याण योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि इस योजना से कोई भी गरीब भूखा नहीं रहेगा और सही पोषण आहार प्राप्त कर सकेगा, यह योजना गरीबों के लिए वरदान से कम नहीं हैं।
जिला स्तरीय आस पड़ोस युवा संसद का हुआ आयोजन
नेहरू युवा केंद्र रायगढ़ और करियर एडुकॉम एकेडमी के संयोजन में सम्पन्न हुआ कार्यक्रम
