रायगढ़। जिले के सघन वनांचल लैलूंगा तहसील अंतर्गत सलखिया में आर्य विद्या सभा द्वारा संचालित गुरुकुल आश्रम में 42वां यजुर्वेद पारायण महायज्ञ एवं भव्य वार्षिक महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर गौ-कथा एवं किसान गोष्ठी, राष्ट्र पर चिंतन और ईश्वर भक्ति, देश भक्ति एवं सामाजिक चर्चा विषय पर भजन, प्रवचन व बालकों के सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
आगामी 19-20 एवं 21 जनवरी को आयोजित होने वाले 42वां यजुर्वेद पारायण महायज्ञ एवं भव्य वार्षिक महोत्सव में स्वामी विशुद्धानंद सरस्वती वानप्रस्थ आश्रम गोपालपुर उड़ीसा, डॉक्टर सुदर्शन देव आर्य, दिलीप आर्य जिज्ञासु गुरुकुल हरिपुर उड़ीसा, अतुल वर्मा भोपाल मध्य प्रदेश, दिनेश वर्मा अलीगढ़ उत्तर प्रदेश का विशेष रूप से आगमन हो रहा है।
आश्रम के संचालक इन्द्रपाल सिंह भाटिया ने बताया कि गुरुकुल आश्रम सलखिया का संचालन आर्य विद्या सभा द्वारा किया जा रहा है। डॉलर इंडस्टरीज कोलकाता के दीनदयाल गुप्ता आर्य विद्या सभा गुरुकुल आश्रम सलखिया के संरक्षण के हैं। साथ ही प्रतिभा सिंथेटिक इंदौर के शिवकुमार चौधरी भी इस संस्था के संरक्षक के दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। गुरुकुल आश्रम सलखिया रायगढ़ जिला मुख्यालय से करीब 80 किलोमीटर दूर लैलूंगा तहसील क्षेत्र में संचालित है। वहां के एक कर्मयोगी स्वर्गीय उजलोराम का सपना था कि यह क्षेत्र गरीबी एवं अशिक्षा के कारण वैदिक संस्कारों को विस्मृत कर कुसंस्कारों को आत्मसात कर रहा है। एवं अभक्ष्य पदार्थ का सेवन कर अपना जीवन नष्ट कर रहा है। उन्हें वैदिक संस्कारों के माध्यम से मानसिक रूप से विकसित किया जाए। इस वनांचल क्षेत्र में ऐसा विद्यालय हो जहां बालकों को आधुनिक शिक्षा के साथ वैदिक संस्कारों से जोड़ा जा सके। एवं क्षेत्र की निर्धनता तथा अभावों को देखते हुए उन्हें भी सभी सुविधायुक्त निशुल्क शिक्षा व्यवस्था प्रदान की जाए। इसके लिए उन्होंने 1984 में आर्य विद्या सभा का गठन किया और गुरुकुल आश्रम सलखिया की नींव डाली।
इसी क्रम में इस वर्ष महर्षि स्वामी दयानंद सरस्वती के 200वें जयंती के शुभ अवसर पर 42वां यजुर्वेद पारायण महायज्ञ एवं भव्य वार्षिक महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। आगामी 19-20 एवं 21 जनवरी को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में प्रथम दिन 19 जनवरी को यज्ञ ध्वजारोहण, भजन, प्रवचन और बालकों का सांस्कृतिक कार्यक्रम संपन्न हुआ। वहीं द्वितीय दिवस कल 20 जनवरी को यज्ञ, भजन प्रवचन, नवीन भोजनालय का उद्घाटन कार्यक्रम के अलावा भजन, प्रवचन, सामूहिक संध्या एवं बालकों के सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसी क्रम में तृतीय दिवस 21 जनवरी को यज्ञ, भजन, प्रवचन के साथ पूर्णाहुति, ब्रह्मचारियों का व्यायाम प्रदर्शन अतिथियों का सम्मान एवं वृद्धो को वस्त्र भेंट सहित सम्मान समारोह का आयोजन होगा। इसके अलावा भजन, प्रवचन व शांति पाठ के पश्चात कार्यक्रम का समापन होगा। कार्यक्रम का संचालन त्रिनाथ राम, कान्हु राम गुप्ता, सुनील कुमार प्रधान करेंगे। सांस्कृतिक प्रभारी दयानिधि साहू, आनंद राम भगत, व्यायाम प्रभारी नूतन कुमार आर्य, दिलीप आर्य, यज्ञ प्रभारी वनमाली शास्त्री, दिलीप आर्य, पंडाल प्रभारी लक्ष्मी नारायण साहू, सुनील कुमार प्रधान एवं व्यवस्था प्रभारी आर्य विद्या सभा सलखिया के समस्त पदाधिकारी, प्राचार्य एवं स्टाफ रहेंगे।
गुरुकुल आश्रम सलखिया में 42वां यजुर्वेद पारायण महायज्ञ प्रारंभ
वार्षिक महोत्सव पर आयोजित होंगे विविध कार्यक्रम
