रायगढ़। दो बाइक पर सवार होकर सडक़ पर खतरनाक स्टंटबाजी और आपत्तिजनक हरकतें करने वाले 5 युवकों को पुलिस ने जेल भेज दिया है। युवकों की हरकतों का वीडियो एक व्यक्ति ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर चक्रधरनगर थाना प्रभारी को भेजा था। इसके बाद पुलिस ने वीडियो के आधार पर पांचों की पहचान की और उन्हें परिजनों के साथ थाने बुलाया। पुलिस ने उनके खिलाफ अपराध दर्ज कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की और एसडीएम न्यायालय में पेश किया। वहां से जेल वारंट जारी होने के बाद पांचों को जेल दाखिल करा दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर सवार पांच युवक शहीद हेमू कलाणी चौक से चक्रधरनगर चौक की ओर जा रहे थे। इस दौरान वे चलती बाइक पर खतरनाक तरीके से स्टंट कर रहे थे। युवक सडक़ पर अशोभनीय हरकतें भी कर रहे थे और उनका वीडियो बना रहे थे। उनकी हरकतें देखकर एक अन्य व्यक्ति ने मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड किया और चक्रधरनगर थाना प्रभारी को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान कर उन्हें उनके अभिभावकों के साथ थाने बुलाया। पुलिस ने युवकों को समझाया कि, सार्वजनिक सडक़ पर स्टंटबाजी करना खुद के साथ दूसरे राहगीरों और वाहन चालकों की जान को भी खतरे में डालता है। इसके बावजूद सार्वजनिक जगह पर आपत्तिजनक हरकतों को लेकर पुलिस ने पांचों के खिलाफ केस दर्ज कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सडक़ें स्टंटबाजी और हुड़दंग के लिए नहीं, बल्कि सुरक्षित आवागमन के लिए हैं। सोशल मीडिया पर कुछ लाइक्स और व्यूज पाने के लिए अपनी और दूसरों की जिंदगी खतरे में न डालें। उन्होंने बताया कि पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल ऐसे मामलों पर लगातार नजर रख रही है। सार्वजनिक स्थानों पर खतरनाक स्टंटबाजी, अशोभनीय हरकत और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये युवक भेजे गए जेल
जेल जाने वाले युवकों में विद्याधर देवांगन (21), निवासी संजय नगर, सिंधी कॉलोनी पक्की खोली। ऋतिक बरेठ (21), निवासी संजय नगर, बैंक कॉलोनी, चक्रधरनगर। आशीष चौहान (21), निवासी संजय नगर, बैंक कॉलोनी, चक्रधरनगर। आकाश शर्मा (21), निवासी पहाड़ मंदिर रोड, कौहाकुंडा, चक्रधरनगर और मनीष शर्मा (21), निवासी संजय नगर, बैंक कॉलोनी, चक्रधरनगर शामिल है।


