रायगढ़। घरघोड़ा पुलिस ने चोरी की दो पल्सर मोटरसाइकिल बरामद करते हुए गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है, साथ ही उउनका एक साथी फरार है। जिसका तलाश जारी है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार 16 अक्टूबर को प्रार्थी नीलम संजीव बेक, पिता मनोहर बेक, 37 वर्ष, निवासी मकरीबंधा, थाना तुमला, जिला जशपुर, वर्तमान पदस्थापना सीआईएसएफ इकाई एनटीपीसी तिलाईपाली, थाना घरघोड़ा, जिला रायगढ़ ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 07 अक्टूबर की सुबह लैलूंगा रोड स्थित घरघोड़ा सीआईएसएफ कार्यालय गेट के सामने खड़ी उसकी पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-04-एलएफ-3373 को अज्ञात चोर चोरी कर ले गया है। जिसकी रिपोर्ट पर घरघोड़ा थाना में अपराध अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली इससे 10 नवंबर को पुलिस टीम ने लैलूंगा मेन रोड स्थित शनि मंदिर के पास घेराबंदी कर दो संदिग्धों सुकसागर राठिया निवासी कोनपारा तथा देव पैंकरा निवासी नेगीपारा, घरघोड़ा को हिरासत में लिया गया। दोनों आरोपी चोरी की बाइक बेचने के लिए लोगों से बातचीत कर रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर शराब पीने और पार्टी करने के लिए पैसों का इंतजाम करने की नीयत से बाइक चोरी करना स्वीकार किया। उन्होंने करीब एक माह पहले सीआईएसएफ कार्यालय गेट के सामने से काले रंग की पल्सर तथा ग्राम ओंगना, धरमजयगढ़ से काला-सफेद रंग की एक अन्य पल्सर मोटरसाइकिल चोरी करना बताया।
नंबर प्लेट तोड़ दिए थे आरोपी
पुलिस के पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी की मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट तोडक़र फेंक दी थी तथा इंजन नंबर को पत्थर से घिसकर मिटाने का प्रयास भी किया था। इतना ही नहीं, सफेद रंग की पल्सर के सफेद हिस्सों पर काला रंग पोतकर उसकी पहचान बदल दी थी। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की दोनों पल्सर मोटरसाइकिलें, जिनकी कुल कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपये बरामद कर किया हैं। मामले में साक्ष्य मिटाने के प्रयास पाए जाने पर धारा 238 एवं 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई है।
इनकी हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपियों में सुकसागर राठिया, पिता सुंदर राठिया 20 वर्ष, निवासी कोनपारा, थाना घरघोड़ा एवं देव पैंकरा, पिता धोबा पैंकरा 20 वर्ष, निवासी नेगीपारा, थाना घरघोड़ा शामिल हैं। प्रकरण में शामिल तीसरा आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस को उससे पूछताछ में अन्य चोरी की मोटरसाइकिलों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।


