मौसम का बदला मिजाज : सेहत पर पड़ रहा असर, रात में न्यूनतम तापमान पहुंच रहा 17 डिग्री तक

सप्ताहभर तक इसी तरह मौसम रहने की संभावना

Lochan Gupta
3 Min Read

रायगढ़. जिले में विगत तीन-चार दिन से मौसम में दबलाव शुरू हो गया है, इसके चलते दिन में जहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री तो देर रात तक न्यूनतम तापमान 17 डिग्री तक पहुंच जा रहा है, जिससे सर्द-गर्म होने के कारण लोग वायर फिवर के चपेट में आने लगे हैं।
उल्लेखनीय है कि जिले में विगत तीन-चार दिनों से लगातार तापमान में गिरावट आ रही है, वहीं दिन के समय मौसम साफ रहने के कारण तेज धूप के चलते गर्माहट महसूस हो रही है तो वहीं शाम होते ही धीरे-धीरे ठंड बढऩे लग रही है और रात के 12 बजे के बाद शहर का तापमान 17 डिग्री तक पहुंच जा रहा है, इससे सुबह के समय मार्निंग वॉक पर जाने वाले लोग ठंड को देखते हुए लोग अब कोट जैकेट में नजर आ रहे हैं। हालांकि सुबह 8 बजे के बाद धूप निकलते ही मौसम सामान्य हो जा रही है। हालांकि जानकारों की मानें तो अब लगातार तापमान में गिरावट आएगी, इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में ठंड का असर कुछ ज्यादा ही देखने को मिल रहा है, इसके चलते अब जगह-जगह अलाव भी जलने शुरू हो गए हैं। साथ ही ग्रामीणों का कहना है कि एक-दो दिनों से सुबह के समय हल्का धूंध भी दिखाई देने लगा है, लेकिन धूप निकले ही साफ हो जा रहा है। वहीं अचानक मौसम में बदलाव होने के कारण इसका असर अब लोगों के सेहत पर भी पडऩे लगा है, इससे सर्दी-बुखार से लोग पीडि़त होकर अस्पताल पहुंचने लगे हैं।

मौसम साफ रहने की संभावना

इस संबध में मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल अधिकतम तापमान 29 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 17 डिग्री तक अगले एक सप्ताह तक रहने की संभावना है, साथ ही बीच-बीच में हल्की बादल के साथ धूंध बढऩे की संभावना है, साथ ही जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में ठंड का असर कुछ ज्यादा ही देखने को मिल रहा है। बताया जा रहा है इसका मुख्य कारण यह है कि इन दिनों धान के खेतों में हल्की पानी व नमी होने के कारण यहां का न्यूनतम तापमान कम हो रहा है, इससे लोग अब अलाव का सहारा लेने लगे हैं।

लगातार बढ़ रहा ओपीडी

उल्लेखनीय है कि जिले में जब से ठंड की शुरूआत होते ही अस्पतालों में ओपीडी की संख्या में इजाफा होने लगा है। ऐसे में जिला अस्पताल में जहां पहले 300 से 350 तक ओपीडी पहुंचता था, वहीं इन दिनों 400 के पार पहुंच रहा है। इन मरीजों में ज्यादातर सर्दी- बुखार के मरीज पहुंच रहे हैं, जिसे ओपीडी जांच के बाद कुछ मरीजों को तो दवा देकर छोड़ा जा रहा है, साथ ही बदलते मौसम को लेकर लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है, ताकि मौसमी बीमारी से बचा जा सके।

Share This Article