रायपुर। छत्तीसगढ़ बीजेपी ने प्रदेश अध्यक्ष बदल दिया है। किरण सिंहदेव को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। किरण सिंहदेव बस्तर के जगदलपुर से विधायक हैं। अब तक प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी अरुण साव के पास थी। बीजेपी सरकार बनते ही अरुण साव को डिप्टी सीएम बनाया गया है। नई सरकार में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव के उपमुख्यमंत्री बनने के बाद से ही संगठन में फेरबदल की चर्चा थी, लेकिन यह फेरबदल मंत्रिमंडल के गठन से पहले ही हो गया। प्रदेश के महामंत्री भी जल्द ही बदले जा सकते हैं।
सामान्य वर्ग को मौका
किरण सिंहदेव सामान्य वर्ग से आते हैं। इससे पहले आदिवासी और ओबीसी को अध्यक्ष के रूप में मौका दिया गया। आदिवासी अध्यक्ष के रूप में नंदकुमार साय, विष्णुदेव साय के अलावा विक्रम उसेंडी रह चुके हैं। वहीं ओबीसी वर्ग से धरमलाल कौशिक और अरुण साव प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं। इससे पहले सामान्य वर्ग से डॉ. रमन सिंह बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। लोकसभा को ध्यान में रखकर भाजपा ने इन्हें चेहरा बनाया है। सत्ता और संगठन में क्षेत्रीय संतुलन बनाने की भी कोशिश की गई है। सरगुजा और बस्तर संभाग में इस बार भाजपा को बड़ी जीत मिली है। सरगुजा के विष्णुदेव साय ष्टरू बनाए जा चुके हैं। अब बस्तर से प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। चुनाव में किरण सिंह देव बिलासपुर संभाग के प्रभारी भी थे। हालांकि इस संभाग में 14 सीट कांग्रेस को मिली और बीजेपी को 10 ही मिल पाई।
महामंत्री भी बदले जाएंगे
प्रदेश अध्यक्ष के बाद अब बीजेपी के महामंत्री भी बदले जाएंगे। विजय शर्मा कैबिनेट में शामिल हो चुके हैं, ओपी शर्मा के शामिल होने की चर्चा है। दोनों ही महामंत्री हैं, ऐसे में इन दोनों की जगह भी नए चेहरे आएंगे।
2023 चुनाव में जगदलपुर से जीते किरण
61 साल के किरण सिंहदेव जगदलपुर से चुनाव जीते हैं। इससे पहले वे जगदलपुर के ही महापौर भी रहे हैं। पेशे से वकील किरण सिंहदेव ने जनता युवा मोर्चा से राजनीति की शुरुआत की थी। 2023 में पहली बार बीजेपी से टिकट मिला और उन्होंने 29 हजार 834 वोटों के अंतर से जीत हासिल की।
किरण सिंह देव को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जानें पर विधायक ओपी ने दी बधाई
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जे पी नड्डा जी के द्वारा विधायक जगदलपुर किरण सिंह देव प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनाए जाने पर रायगढ़ विधायक ओपी ने बधाई देते हुए कहा इस दायित्व से प्रदेश नई ऊंचाइयों को छुएगा। बस्तर संभाग की एकमात्र अनारक्षित सीट जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव नगर निगम के महापौर रह चुके हैं। भाजपा की युवा इकाई भारतीय जनता युवा मोर्चा भाजयुमो से राजनीतिक सफर की शुरुआत करने वाले सिंह पार्टी की बस्तर जिला इकाई के अध्यक्ष भी रहे हैं। वह 2009 में 2014 तक जगदलपुर नगर निगम के महापौर रह चुके।