रायगढ़। जिले की चारों विधानसभा क्षेत्र में कल शुक्रवार को मतदान होगा। जिले की रायगढ़ सहित खरसिया, लैलूंगा एवं धरमजयगढ़ सीट में इस बार कुल 42 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। सभी सीटों पर प्रचार बुधवार की शाम 5:00 बजे थम गया था। आज दिन पर अपने-अपने क्षेत्र में प्रत्याशियों ने घर-घर में दस्तक दी और मतदाताओं से वोट करने की अपील की। खास बात यह है कि 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस-भाजपा में सीधी टक्कर की संभावना है। हालांकि सभी सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों के अलावा बसपा, आप पार्टी, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ सहित अन्य राजनीतिक दलों के प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में है। लेकिन राजनीति के जानकारों की माने तो रायगढ़, धरमजयगढ़ लैलूंगा में जहां दोनों प्रमुख दलों के बीच कांटे का मुकाबला हो सकता है तो वहीं खरसिया में त्रिकोणीय मुकाबले की संभावना है। जिले की रायगढ़ विधानसभा सीट सहित खरसिया, लैलूंगा और धरमजयगढ़ विधानसभा सीट के प्रत्याशियों की किस्मत शुक्रवार को ईव्हीएम में कैद हो जाएगी। जिले के 8 लाख 43 हजार 154 मतदाता अलग-अलग विधानसभा क्षेत्र में मतदान करेंगे। साथ ही सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले के सरिया तहसील क्षेत्र के 59 बूथ के 46799 मतदाता रायगढ़ विधानसभा सीट के लिए मतदान करेंगे। मसलन रायगढ़ जिले की चारों सीटों के प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 8 लाख 89 हजार 953 मतदाताओं के आसरे हैं। रायगढ़ जिले की चारों सीट पर मुकाबला बेहद दिलचस्प मोड़ पर आ गया है। रायगढ़ सीट पर कांग्रेस और भाजपा में जहां सीधा मुकाबला नजर आ रहा है। वहीं इस सीट पर कुल 19 प्रत्याशी हैं।
इसी तरह लैलूंगा और धरमजयगढ़ की अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीट पर मुकाबला कांटे का हो सकता है। इन दोनों सीटों पर कांग्रेस-भाजपा के बीच सीधी टक्कर है। जबकि खरसिया सामान्य सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला होने के आसार हैं। इस सीट पर कांग्रेस-भाजपा के अलावा आप पार्टी के बीच त्रिकोण संघर्ष की स्थिति सामने आ रही है। मतदान कल शुक्रवार को होना है, जिससे सभी क्षेत्र के प्रत्याशियों की धडक़ने तेज हो गई है। अब देखना है कि अलग-अलग विधानसभा क्षेत्र के मतदाता अपने क्षेत्र के प्रतिनिधित्व की कमान किस देना चाहते हैं। ईव्हीएम में अपना फैसला तय करेंगे। जिसका खुलासा आने वाले 3 दिसंबर को मतगणना के दिन हो जाएगा।