जशपुर। प्रदेश में साय सरकार बनने के बाद जशपुरांचल में नशे के सौदागरों, गौ-तस्करों व असमाजिक कार्याे में लिप्त बदमाशों पर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्यवाही से हडक़ंप मचा हुआ है। इस क्रम में जशपुर पुलिस ने गांजा तस्कर के खिलाफ एतिहासिक कार्यवाही करते हुए तस्करी से कमाए गए रुपयों से अर्जित की गई करोड़ों की संपत्ति को फ्रीज करने की कार्रवाई की है। जिसमें गांजा तस्कर के मकान, 2 कार, 2 मोटरसाइकिल और 1 ट्रैक्टर को फ्रीज किया है।
यह कार्रवाई मुंबई स्थित सफेमा कोर्ट के आदेश पर की गई है। जशपुर जिले के हल्दीझरिया निवासी हीराधर यादव लंबे समय से गांजा तस्करी में शामिल था। पुलिस ने उसे 27 किलोग्राम गांजे के साथ पकड़ा था। सरगुजा रेंज में यह अपनी तरह की पहली कार्रवाई है। यह कार्रवाई आईजी अंकित गर्ग और एसएसपी शशि मोहन सिंह के मॉनिटरिंग में हुई।
2024 में पकड़ा गया था गांजा तस्कर
2 जून 2024 को कोतबा चौकी पुलिस को गांजा तस्करी की सूचना मिली। पीठाआमा चौक पर नाकेबंदी के दौरान एक कार रोकी गई। कार से कुछ लोग भाग निकले। मौके पर एक 16 साल के नाबालिग पकड़ा गया। कार की डिक्की से 2.70 लाख रुपए कीमत का 27 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। नाबालिग ने बताया कि गांजा हीराधर यादव का है। पुलिस ने 26 अगस्त को हीराधर यादव और 10 अक्टूबर को उसके साथी महेश यादव को गिरफ्तार कर लिया।
गांजा तस्करी से बनाई करोड़ों की संपत्ति
जांच में खुलासा हुआ कि हीराधर यादव ने अवैध गांजा कारोबार से अकूत संपत्ति अर्जित की थी। उसके बैंक खातों में पिछले तीन वर्षों में 1.50 करोड़ रुपए से अधिक की रकम जमा की गई थी। उसने गांजे की कमाई से 5 वाहन और एक दो मंजिला मकान खरीदा था।
1.38 करोड़ की संपत्ति फ्रीज
सफेमा कोर्ट के आदेश पर हीराधर यादव की कुल एक करोड़ 38 लाख 82 हजार 134 रुपए की संपत्ति फ्रीज कर दी गई, जिसमें हल्दीझरिया स्थित मकान (कीमत 1,01,47,134 रुपए), पांच वाहन (2 कार, 2 मोटरसाइकिल, 1 ट्रैक्टर) ( कीमत 37,35,000 रुपए) शामिल हैं। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि एसडीओपी पत्थलगांव ध्रुवेश कुमार जायसवाल ने बेहद प्रोफेशनल तरीके से इस संपत्ति की जानकारी जुटाई और सफेमा कोर्ट में पेश की, जिससे यह बड़ी कार्रवाई संभव हो सकी। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि अवैध नशा तस्करी में लिप्त अन्य अपराधियों के खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
जशपुर में गांजा तस्कर के खिलाफ एतिहासिक कार्यवाही
मकान, चार व दो पहिया वाहन के अलावा करोड़ों की संपत्ति फ्रीज, तीन साल में स्मगलिंग से कमाए थे 1.50 करोड़
