धरमजयगढ़। प्रदेश में त्रि स्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर कई स्थानों पर जनप्रतिनिधियों के निर्विरोध चुने जाने की स्थिति सामने आ रही है। ग्रामीणों की यह कवायद एकता और सशक्तिकरण की मिसाल बन रही है। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ विकासखंड अंतर्गत आने वाले दो ग्राम पंचायत में भी जनप्रतिनिधियों के निर्विरोध निर्वाचन को लेकर स्थानीय ग्रामीण एकजुट हुए और प्रत्याशी विशेष को अपना प्रतिनिधि घोषित किया। छाल तहसील क्षेत्र के एक पंचायत में सरपंच निर्विरोध चुने गए हैं और दूसरे पंचायत में पूरे पंच के साथ सरपंच भी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। छाल क्षेत्र के महाराज गंज में सरपंच निर्विरोध चुना गया है। वहीं, ग्राम पंचायत बरबस पुर में सरपंच सहित पंचो का निर्विरोध चुनाव किया गया है। यहां के ग्रामीणों ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का निर्विरोध रूप से चुनाव होना गांव की एकता को प्रदर्शित करता है। ग्रामीणों ने कहा कि इससे खर्च की बचत होती है और अप्रिय स्थिति से बचाव होता है। इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक़ ग्राम पंचायत महराजगंज में दो प्रत्याशी सरपंच के दावेदार रहे। जहां एक प्रत्याशी ने आज नाम वापसी के बाद खगेश्वर को निर्विरोध सरपंच चुना गया है।
बरबसपुर में सरपंच सहित पंच भी निर्विरोध निर्वाचित
छाल तहसील के ही ग्राम पंचायत बरबसपुर में भी ग्रामीणों द्वारा इसी तरह से सकारात्मक पहल की गई है। जिसमें महेश्वरी राठिया पति जयदेव राठिया को निर्विवाद रूप से अपना सरपंच बनाया है। इसके साथ ही पंचायत में 10 वार्ड पंचों को निर्विरोध चुना गया है। इनमें उत्तरा राठिया, साधमति राठिया, सावित्री राठिया, देवला बाई, वरसमति यादव, रामबाई चौहान, सावित्री बाई राठिया सुलोचन राठिया, जयपाल सिंह राठिया, पवन राठिया, का नाम शामिल है। इस अवसर पर नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यह आपसी एकजुटता का परिचायक है।