रायगढ़। सोमवार को शहर में डबल मर्डर की घटना से सनसनी फैल गई है। सिटी कोतवाली से महज 500 मीटर की दूरी पर पुरानी हटरी निवासी बुजुर्ग भाई-बहन की रविवार रात बेरहमी से हत्या कर दी गई। वहीं लगातार हो रहे गंभीर अपराधों के चलते लोग दहशत के साये में है। इस घटना ने कोतवाली पुलिस की रात्रि गश्त व पेट्रोलिंग टीम की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान खड़ा कर दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के पुरानी हटरी निवासी सीताराम जायसवाल (75) और उनकी बहन अन्नपूर्णा जायसवाल (70) के रूप मृतकों की पहचान हुई है। महिला की लाश घर के आंगन गली में पड़ी मिली, जबकि सीताराम का शव घर के अंदर मिला। घटना की खबर फैलते ही इलाके में हडक़ंप मच गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। हत्या की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को सील कर दिया। किसी भी बाहरी व्यक्ति या मीडिया को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही थी। बताया जाता है कि इस हत्याकांड को हत्यारों ने ईट-पत्थर व रॉड से अंजाम दिया है। यह बात भी सामने आई है कि जब मृतकों के घर का दरवाजा बंद था तो आरोपी घर के अंदर कैसे घुसा, इसकी भी पुलिस की विभिन्न टीम बड़ी बारीकी से जांच कर रही है। कोतवाली पुलिस के अलावा साइबर क्राइम की टीम ने भी घटना की तह तक जाने व आरोपियों के गिरेबां तक पहुंचने के लिए मोर्चा संभाल लिया है।
घटनास्थल पर आईपीएस आकाश शुक्ला खुद जांच का नेतृत्व कर रहे थे। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में रात के समय दो संदिग्धों के फुटेज मिले हैं, लेकिन उनके चेहरे स्पष्ट नहीं दिख रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि इस हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। इलाके के लोग इस घटना से दहशत में हैं। कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि हत्या में दो लोगों के शामिल होने की संभावना है। हालांकि, हत्या के पीछे के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी है। डॉग रूबी को घटनास्थल लाया गया जिसके बाद रूबी हटरी से होते हुए, श्याम टॉकीज रोड, भाजपा कार्यालय के सामने नवीन कन्या शाला स्कूल के अंदर घुसी, इस बीच रूबी डॉग रास्ते में एक एटीएम में भी रूकी। उसके बाद वहां से निकाल कर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पहुंची। अंदाजा लगाया जा रहा है की हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी ट्रेन के जरिए फरार हो चुके हैं। इसके अलावा पुलिस की टीमें अन्य और बिंदुओं को लेकर जांच पड़ताल कर रही है। हत्याकांड के कारणों के अलावा हत्यारों तक पहुंचने के लिए पुलिस एड़ी-चोटी का जोर लगा दी है। सीसी टीवी कैमरों के फुटेजों की बारीकी से जांच की जा रही है। साथ ही हत्याकांड के पीछे पारिवारिक कारण तो नहीं, इस पर भी पुलिस की नजरें गड़ी हुई है। हालांकि अब तक इस नृशंस हत्याकांड के संबंध में कोई महत्वपूर्ण सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है। इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे शहर को सकते में डाल दिया है। लोग सवाल कर रहे हैं कि आखिर इतनी बेरहमी से हत्या किस वजह से की गई। पुलिस की जांच जारी है और उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
क्या कहती है पुलिस
कोतवाली टीआई सुखनंदन पटेल ने बताया कि आज दोपहर अशोक जायसवाल ने पुलिस को सूचना दिया कि पुरानी हटरी निवासी उसका ममेरा भाई सीताराम जायसवाल (75) और उनकी बहन अन्नपूर्णा जायसवाल (70) दोनों मृत हालत में पड़े हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंची ही आगे की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या लग रहा है। वहीं मृतक के भतीजे ने बताया कि आज सुबह उसके बड़े पापा दरवाजा खटखटा रहे थे लेकिन कोई दरवाजा नहीं खोल रहे थे। फिर उसने दीवाल फांद कर अंदर गया तो दोनों की खून से लथपथ लाश पड़ी थी।