रायगढ़। भाजपा मण्डल अध्यक्षों का निर्वाचन होते ही जिला भाजपा अध्यक्ष के चुनाव की तैयारी शुरू हो गई है। इसी परिपेक्ष्य में आज जिला चुनाव अधिकारी धरमलाल कौशिक (पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और पूर्व नेता प्रतिपक्ष छ.ग. शासन) रायगढ़ भाजपा कार्यालय आ रहे हैं। जहां वे भाजपा के पदाधिकारियों व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक एवं विभिन्न मोर्चा के पदाधिकारियों से रायशुमारी करेंगे और तीन लोगों का पैनल बनाकर प्रदेश संगठन को भेजेंगे।भाजपा सदस्यता अभियान के बाद अब संगठन चुनाव का आगाज मण्डल अध्यक्षों के निर्वाचन से शुरू हो गया है। जिले के सभी मण्डल अध्यक्षों का चुनाव पूर्ण होने के बाद कल से रायगढ़ जिला भाजपा अध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। जिला भाजपा अध्यक्ष पद के लिए फिलहाल जो नाम सामने आ रहे हैं उनमें सर्व प्रथम अरूणधर दीवान, सतीष बेहरा, पूर्व विधायक श्रीमती सुनीति सत्यानंद राठिया, विवेक रंजन सिन्हा, विकास केडिया व रत्थु गुप्ता शामिल हैं। जिला भाजपा अध्यक्ष का चुनाव आम सहमति से होने की बात कही जा रही हैं। आम सहमति के लिये कल जिला चुनाव अधिकारी धरमलाल कौशिक रायगढ़ आयेंगे और जिला भाजपा कार्यालय में करीब ढाई बजे जिला भाजपा के पदाधिकारी, सासंद, विधायक, पूर्व विधायक, भाजपा के विभिन्न मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारी व प्रदेश के पदाधिकारी के साथ दावेदारों को लेकर रायशुमारी करेंगे और आम सहमति बनाने का प्रयास करेंगे। सूत्रों की माने तो रायशुमारी के बाद तीन नामों का पैनल बनाकर प्रदेश संगठन को भेजा जाएगा जहां से एक नाम पर विचार कर जिला भाजपा अध्यक्ष के पद पर ताजपोशी की जाएगी। यह तमाम प्रक्रिया दिसंबर माह के अंत तक पूरी होन की संभावाना है।